एएचएफ ने पंजाब के मुख्यमंत्री मान को एशियाई खेलों की हॉकी देखने का न्योता दिया

Ads

एएचएफ ने पंजाब के मुख्यमंत्री मान को एशियाई खेलों की हॉकी देखने का न्योता दिया

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 10:15 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 10:15 PM IST

चंडीगढ़, 21 सितंबर (भाषा) एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और राज्य सरकार के एक प्रतिनिधिमंडल को जापान के आइची-नागोया में आयोजित हो रहे एशियाई खेलों की महिला और पुरुष हॉकी प्रतियोगिताओं के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले देखने के लिए आमंत्रित किया है।

यह निमंत्रण ऐसे समय आया है जब मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व में पंजाब पहली बार पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की मेजबानी की तैयारी कर रहा है। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।

एएचएफ अध्यक्ष फुमियो ओगुरा की ओर से भेजे गए निमंत्रण में 30 सितंबर और एक अक्टूबर को होने वाले महिला एवं पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल तथा दो और तीन अक्टूबर को खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले शामिल हैं।

एएचएफ ने कहा है कि पंजाब सरकार के प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी से उसे राज्य में किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन के प्रबंधन और संचालन का प्रत्यक्ष अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

बयान के मुताबिक यह अनुभव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पंजाब 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करने जा रहा है। इस टूर्नामेंट का आयोजन जालंधर और मोहाली संयुक्त रूप से करेंगे। जालंधर में उद्घाटन समारोह और लीग चरण के मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल की मेजबानी मोहाली करेगा।

मुख्यमंत्री मान ने इस आयोजन को हॉकी की उस धरती पर वापसी बताया है, जिसने भारतीय हॉकी के कई दिग्गज खिलाड़ियों को जन्म दिया है।

आधिकारिक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री मान और पंजाब सरकार के प्रतिनिधिमंडल को मिला यह निमंत्रण ऐसे समय आया है जब राज्य अंतरराष्ट्रीय हॉकी को पंजाब में वापस लाने और देश के प्रमुख हॉकी केंद्रों में अपनी पहचान को और मजबूत करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

आगामी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के अलावा जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, चीन समेत कई देशों की टीमें पंजाब में एक-दूसरे से भिड़ेंगी।

भाषा

आनन्द पंत

पंत