शिलांग, 11 मार्च (भाषा) मेघालय सरकार ने हालिया हिंसा में दो लोगों की मौत के मद्देनजर गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद (जीएचएसीडी) के 10 अप्रैल को होने वाले चुनावों को बुधवार को स्थगित कर दिया, साथ ही पांच जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित कर दी गईं।
मेघालय उच्च न्यायालय द्वारा जीएचएसीडी चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने के संबंध में अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र को अनिवार्य बनाने वाली अधिसूचना को रद्द करने के एक दिन बाद, पश्चिम गारो हिल्स और पूर्वी गारो हिल्स जिलों में भी कर्फ्यू लगा दिया गया है।
इस अधिसूचना का उद्देश्य जीएचएसीडी चुनावों में गैर-जनजातियों को भाग लेने से रोकना था, जो पिछले सात दशकों से जारी प्रथा से अलग था।
मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘प्रिय मित्रो, गारो हिल्स में मौजूदा स्थिति को देखते हुए और लोगों को इस समय हो रही कठिनाइयों के मद्देनजर, मेघालय सरकार ने जीएचएडीसी चुनाव स्थगित करने का निर्णय लिया है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि गारो हिल्स जिले में कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करने और लोगों को हो रही कठिनाइयों को समझने के बाद यह निर्णय लिया गया।
मेघालय उच्च न्यायालय ने मंगलवार को जीएचएडीसी द्वारा जारी उस अधिसूचना को रद्द कर दिया, जिसमें चुनाव नामांकन के लिए अनुसूचित जनजाति प्रमाण-पत्र को अनिवार्य बनाया गया था। अदालत ने कहा कि इसमें उचित विधायी प्रक्रियाओं को दरकिनार किया गया था।
पिछले महीने कार्यकारी समिति के एक प्रस्ताव के बाद परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य द्वारा यह अधिसूचना जारी की गई थी।
हालांकि, उच्च न्यायालय ने कहा कि कार्यकारी समिति केवल नियमों में बदलाव का प्रस्ताव कर सकती है, जिसे लागू होने से पहले जिला परिषद और राज्यपाल द्वारा अनुमोदित किया जाना आवश्यक है।
गृह विभाग के प्रधान सचिव एफआर खारकोंगोर ने कहा कि जनजातीय परिषद चुनावों से जुड़ी हिंसा की कई घटनाओं के बाद पश्चिमी मेघालय के पांच जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गईं, क्योंकि इन घटनाओं से सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा उत्पन्न होने का खतरा था।
उन्होंने कहा कि यह निलंबन पश्चिम गारो हिल्स, पूर्वी गारो हिल्स, दक्षिणी गारो हिल्स, उत्तरी गारो हिल्स और दक्षिण पश्चिम गारो हिल्स जिलों पर लागू होता है और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
मंगलवार को पश्चिम गारो हिल्स के चिबिनांग में पुलिस की गोलीबारी में दो लोग मारे गए। यह घटना गारो समुदाय के कुछ वर्गों द्वारा गैर-गारो उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने के प्रयास के विरोध में किए गए प्रदर्शनों के वक्त हुई झड़पों के दौरान हुई।
अधिकारियों ने बताया कि तुरा और क्षेत्र के अन्य स्थानों पर आगजनी, नागरिकों पर हमले और बड़ी भीड़ के इकट्ठा होने की कई घटनाएं सामने आईं।
एक अधिकारी ने बताया कि मेघालय शिक्षा बोर्ड ने पश्चिम गारो पर्वतीय जिले में कक्षा 12 की दो परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। उन्होंने बताया कि 11 मार्च के लिए निर्धारित संगीत और 12 मार्च के लिए निर्धारित ‘एंथ्रोपोलॉजी’ की परीक्षाएं स्थगित दी गई हैं। राज्य के शेष जिलों में परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी।
भाषा आशीष सुरेश
सुरेश