गहलोत की लोगों से स्व-अनुशासित होकर लॉकडाउन की तरह ही व्यवहार करने की अपील

Ads

गहलोत की लोगों से स्व-अनुशासित होकर लॉकडाउन की तरह ही व्यवहार करने की अपील

  •  
  • Publish Date - January 9, 2022 / 08:39 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:26 PM IST

जयपुर, नौ जनवरी (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों पर रोक के लिए राज्य के निवासियों से घर से कम से कम बाहर निकलने की अपील रविवार को अपील की।

गहलोत ने कहा कि लोग बहुत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। उन्होंने कहा कि राज्य में भले ही लॉकडाउन नहीं है, लेकिन सभी स्व-अनुशासित होकर लॉकडाउन की तरह ही व्यवहार करें और पूरी सतर्कता बरतें।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘देशभर में कोविड-19 संक्रमण बहुत तेज गति से फैल रहा है। हम सभी लोगों को बार-बार आगाह कर रहे हैं कि घर से कम से कम और बहुत आवश्यक होने पर ही बाहर निकलें, प्रदेश में भले ही लॉकडाउन नहीं है, लेकिन सभी स्व-अनुशासित होकर लॉकडाउन की तरह ही व्यवहार करें और पूरी सतर्कता बरतें।’’

उन्होंने कहा कि ‘‘मास्क पहनने, हाथ धोने, सामाजिक दूरी बनाये रखने और भीड़भाड़ में न जाने के प्रोटोकॉल का अनिवार्य रूप से और गंभीरता से पालन करें एवं टीके की दोनों खुराक अवश्य लगवा लें।’’

उन्होंने कहा कि चिकित्सा बिरादरी के लोग भी संक्रमित हो रहे है, हजारों की संख्या में डॉक्टरों के संक्रमित होने की ख़बरें आ रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘स्थिति चिंतनीय है, हम सभी को मिलकर इस महामारी का मुकाबला करना है, जनता के सहयोग से ही हम इसमें कामयाब होंगे।’’

भाषा कुंज कुंज बिहारी अमित

अमित