गहलोत ने राजस्थान सरकार से निशुल्क ‘सेनेटरी नैपकिन’ वितरण फिर शुरू करने की मांग की

गहलोत ने राजस्थान सरकार से निशुल्क ‘सेनेटरी नैपकिन’ वितरण फिर शुरू करने की मांग की

गहलोत ने राजस्थान सरकार से निशुल्क ‘सेनेटरी नैपकिन’ वितरण फिर शुरू करने की मांग की
Modified Date: May 28, 2026 / 07:39 pm IST
Published Date: May 28, 2026 7:39 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

जयपुर, 28 मई (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर निशुल्क ‘सेनेटरी नैपकिन’ का वितरण पुन: शुरू करने की मांग की है।

उन्होंने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि उन्होंने ‘मासिक धर्म स्वच्छता दिवस’ के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर उड़ान योजना के तहत निःशुल्क ‘सेनेटरी नैपकिन’ वितरण तत्काल पुनः शुरू करने की मांग की है।

गहलोत के अनुसार ‘सेनेटरी नैपकिन’ की अनुपलब्धता के कारण बालिकाएं एवं महिलाएं असुरक्षित विकल्पों का उपयोग करने को मजबूर होती हैं, जिससे संक्रमण एवं गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ता है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने 2021 में ‘आई एम शक्ति’ उड़ान योजना शुरू कर राज्य की करोड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रतिमाह निःशुल्क ‘सेनेटरी नैपकिन’ उपलब्ध करवाए थे।

शर्मा से इस योजना को फिर से शुरू करने की अपील करते हुए उन्होंने लिखा, ‘‘मुख्यमंत्री से मेरा आग्रह है कि पिछले लंबे समय से रुकी इस योजना को पुनः प्रभावी रूप से शुरू किया जाए, उच्चतम न्यायालय के हाल के निर्देश का अनुपालन सुनिश्चित हो, सभी महिलाओं तक इसका विस्तार किया जाए तथा विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान भी चलाए जाएं।’’

भाषा पृथ्वी रवि कांत राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में