संगरूर: व्यक्ति ने मादक पदार्थ वीडियो को लेकर धमकाए जाने का आरोप लगाया, आत्महत्या का प्रयास किया
संगरूर: व्यक्ति ने मादक पदार्थ वीडियो को लेकर धमकाए जाने का आरोप लगाया, आत्महत्या का प्रयास किया
चंडीगढ़, 21 सितंबर (भाषा) पंजाब के संगरूर जिले में एक व्यक्ति ने अपने गांव में मादक पदार्थों की आपूर्ति का वीडियो साझा करने के बाद स्थानीय सरपंच द्वारा धमकी दिए जाने का आरोप लगाया और जिला प्रशासनिक परिसर के बाहर कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया।
संगरूर के नमोल गांव के रहने वाले जगसीर सिंह उर्फ जग्गा का दावा है कि उसने पुलिस से संपर्क किया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने रविवार को कथित रूप से आत्महत्या की कोशिश की जिसके बाद उसका पटियाला के एक अस्पताल में इलाज हो रहा है।
इस घटना से पहले सात सितंबर को संगरूर में दलित व्यक्ति गुलजार सिंह ने कथित रूप से आत्महत्या की थी। उसके परिवार का आरोप है कि दिड़बा में एक कार्यक्रम के दौरान राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से मादक पदार्थ की आपूर्ति के बारे में सवाल पूछने के कारण उसे परेशान किया गया और जातिसूचक बातें कहीं गईं।
गुलजार की आत्महत्या एक बड़ा विवाद बन गई और विपक्षी दलों ने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने बताया कि जग्गा सिंह की आत्महत्या की कोशिश के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जग्गा सिंह ने एक वीडियो में दावा किया कि उसने इंटरनेट पर नशीले पदार्थ ‘चिट्टा’ (सिंथेटिक ड्रग्स) की आपूर्ति का वीडियो पोस्ट किया था।
जग्गा का आरोप है कि गांव के सरपंच ने उसे धमकाया और जबरदस्ती वीडियो ‘डिलीट’ करवाया।
उसने यह भी दावा किया कि उसके घर के कैमरे भी तोड़ दिए गए थे और शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
जग्गा ने एक और वीडियो में आरोप लगाया कि नमोल गांव में मादक पदार्थ की ‘‘लगातार’’ आपूर्ति हो रही है।
जग्गा को जहरीले पदार्थ का सेवन करने के बाद पहले संगरूर के सिविल अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसे पटियाला के राजेंद्र अस्पताल रेफर किया गया।
जग्गा सिंह की आत्महत्या की कोशिश के बाद एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद तरुण चुग ने सवाल किया कि जग्गा सिंह की गलती क्या थी।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया, ‘‘उनका एकमात्र अपराध यह था कि उन्होंने मादक पदार्थ माफिया के खिलाफ आवाज उठाई। उन्हें धमकाया गया और परेशान किया गया। जब उन्होंने पुलिस से मदद मांगी तो क्या हुआ? पुलिस कहीं नजर नहीं आई लेकिन सरपंच ने उनका जीना मुश्किल कर दिया।’’
मुख्यमंत्री पर हमला करते हुए चुग ने कहा, ‘‘भगवंत मान साहब आज जग्गा सिंह की स्थिति के लिए आप जिम्मेदार हैं। अगर आप नशे की समस्या और माफिया को नहीं रोक सकते तो आपको पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। पंजाब अब चुप नहीं रहेगा।’’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले संगरूर में एक और व्यक्ति ने आत्महत्या की कोशिश की है।
बाजवा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह बेहद चिंताजनक है। अगर मादक पदार्थ की समस्या के खिलाफ आवाज उठाने वाला कोई युवा इतना बेबस महसूस करे कि वह अपनी जान देने की कोशिश करे, तो इससे पता चलता है कि सरकार के मादक पदार्थ मुक्त पंजाब के दावों की असलियत क्या है?’’
उन्होंने कहा, ‘‘संगरूर में एक के बाद एक परेशान करने वाली घटनाएं सामने आई हैं। आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार को नशे की समस्या और इसके खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा को गंभीरता से लेने से पहले और कितनी चेतावनियों की जरूरत है?’’
भाषा
सुरभि सिम्मी
सिम्मी

Facebook


