केरलम के मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने श्री नारायण गुरु के समाधि दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि दी
केरलम के मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने श्री नारायण गुरु के समाधि दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि दी
तिरुवनंतपुरम, 21 सितंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन और विपक्ष के नेता पिनराई विजयन ने प्रसिद्ध समाज सुधारक श्री नारायण गुरु के समाधि दिवस पर सोमवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सतीशन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं श्री नारायण गुरु के समाधि दिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं।’’
विजयन ने सामाजिक कार्यकर्ता को श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर पोस्ट कर कहा कि गुरु ने केरलम के पुनर्जागरण की नींव रखी।
उन्होंने कहा, ‘‘जातिवादी सोच और सामाजिक बुराइयों से घिरे केरलम के समाज में ज्ञान और मानवता का प्रकाश फैलाने वाले श्री नारायण गुरु नवजागरण के सूर्य थे।’’
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा कि गुरु ने वंचितों के अधिकारों के संघर्षों को एक नयी दिशा दी।
गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि गुरु ने सिखाया कि ‘‘मानवीय अस्तित्व मानवता में ही निहित है।’’
चेन्निथला ने यह भी कहा कि गुरु ने असीम मानवता का संदेश दिया था।
उन्होंने कहा, ‘‘जहां सभी भेद मिट जाते हैं, वहीं एकता का सवेरा होता है। मैं हाथ जोड़कर उस महान प्रकाश की स्मृति को नमन करता हूं।’’
राज्य के बिजली मंत्री एवं केरलम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने भी गुरु के समाधि दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
जोसेफ ने फेसबुक पोस्ट में गुरु को एक ऐसा दूरदर्शी बताया, जिन्होंने अपने ‘‘कार्यों और दर्शन’’ के माध्यम से केरलम की सामाजिक चेतना को बदल दिया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने भी गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा, ‘‘श्री नारायण गुरुदेवन की गहन शिक्षाएं आज भी अत्यंत प्रासंगिक हैं। उनका दर्शन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के दृष्टिकोण में झलकता है।’’
भाषा खारी पवनेश
पवनेश

Facebook


