नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) मध्य दिल्ली में एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसका यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
उसने बताया कि यह घटना चार अप्रैल को हुई थी। उस दिन आरोपी मोहन जायसवाल(35) जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के पास एक काली बुलेट पर सवार होकर 17 वर्षीय लड़की के पास पहुंचा और उसे मुरथल के एक होटल में ले गया जहां उन्होंने खाना खाया।
पुलिस ने कई स्थानों से सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा जहांगीरपुरी से मुरथल के रास्ते पर आरोपी के आने-जाने की गतिविधियों का पता लगाया।
पुलिस ने बताया कि फुटेज में आरोपी उसे जहांगीरपुरी के पास एक दूसरे होटल में ले जाता हुआ दिखाई दिया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘जहांगीरपुरी की ओर वापसी के दौरान पीड़िता को नींद आने लगी जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसे आराम करने के लिए कहा और उसे मेट्रो स्टेशन के पास एक अन्य होटल में ले गया, जहां उसने उसका यौन उत्पीड़न किया।’
उसने बताया कि पीड़िता को घटना के 24 घंटे के भीतर शादीपुर मेट्रो स्टेशन से सुरक्षित निकाल लिया गया तथा आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉस्को) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया, ‘समयपुर बादली निवासी आरोपी, 10 अप्रैल को कश्मीरी गेट इलाके से गिरफ्तार किया गया। वह उस समय बिहार भागने की कोशिश कर रहा था।’
पुलिस ने बताया कि जायसवाल आदतन यौन अपराधी है। केएन काटजू मार्ग थाने में दर्ज बलात्कार के एक मामले में पहले भी उसे भगोड़ा घोषित किया जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश