जाजपुर (ओडिशा), 14 मई (भाषा) ओडिशा के जाजपुर जिले में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने एक पुल से एक कार नीचे गिर गई जिससे उसमें सवार एक लड़की की मौके पर मौत हो गई तथा उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना कुआखिया थाना क्षेत्र के खंडितर के पास हुई। पीड़िता की पहचान श्रेष्ठा मुखर्जी (15) के रूप में हुई है और वह क्योंझर जिले के घसिपुरा की निवासी थी।
कुआखिया थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक सुशांत कुमार सेठी ने बताया कि यह दुर्घटना अपराह्न करीब दो बजे हुई। हादसे उस समय हुआ जब श्रेष्ठा, उसके पिता दीनदयाल और उसकी मां कार से भुवनेश्वर स्थित अपने घर लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि चालक के वाहन से नियंत्रण खो देने के बाद कार पुल से 20 फुट नीचे गिर गयी।
सेठी के अनुसार घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जाजपुर अस्पताल भेज दिया है।
भाषा
प्रचेता माधव
माधव