गोवा: रात भर चले हंगामे के बाद पुलिस ने विधायक को कार्यालय से घसीटकर बाहर निकाला

Ads

गोवा: रात भर चले हंगामे के बाद पुलिस ने विधायक को कार्यालय से घसीटकर बाहर निकाला

  •  
  • Publish Date - February 21, 2026 / 05:50 PM IST,
    Updated On - February 21, 2026 / 05:50 PM IST

पणजी, 21 फरवरी (भाषा) गोवा पुलिस ने गांव की जमीन को बंदोबस्ती क्षेत्र में परिवर्तित करने के विरोध में रात भर प्रदर्शन कर रहे रेवोल्यूश्नरी गोवा पार्टी के विधायक वीरेश बोरकर और कई अन्य लोगों को नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग कार्यालय से शनिवार सुबह कथित तौर पर घसीटकर बाहर निकाल दिया।

विधायक ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का आवेदन दाखिल किया।

पुलिस कार्रवाई के बाद विधायक और ग्रामीणों ने सरकार के खिलाफ अपना विरोध जारी रखने के लिए एक अलग जगह चुनी जबकि नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री विश्वजीत राणे ने प्रदर्शनकारियों को ‘ब्लैकमेलर’ बताते हुए आदेश रद्द करने से इनकार कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि उत्तरी गोवा के सेंट आंद्रे विधानसभा क्षेत्र के पालेम-सिरीदाओ गांव में 84,000 वर्ग मीटर जमीन को नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग ने अधिनियम की धारा 39-ए का दुरुपयोग करते हुए गैर-बस्ती क्षेत्र से बस्ती क्षेत्र में परिवर्तित कर दिया।

शुक्रवार को गांव के निवासी विरोध प्रदर्शन करने के लिए विभाग के कार्यालय तक मार्च करते हुए पहुंचे।

लगभग 100 ग्रामीण आदेश को तत्काल रद्द करने की अपनी मांग को लेकर रात भर वहीं रुके रहे। प्रदर्शनकारियों में अधिकतर महिलाएं थीं।

पुलिस की एक टीम शनिवार सुबह कार्यालय पहुंची और विधायक बोरकर को अन्य लोगों के साथ वहां से घसीटकर ले गई।

पुलिसकर्मियों को विधायक को मौके से उठाते और कार्यालय से बाहर लाते हुए देखा गया।

विधायक ने इस कार्रवाई के बारे में कहा, “इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है। विधायक होने के नाते, मेरे साथ पुलिस इस तरह का दुर्व्यवहार नहीं कर सकती क्योंकि विधानसभा सत्र राज्यपाल द्वारा पहले ही बुलाया जा चुका है। सदन अध्यक्ष की अनुमति के बिना मेरे खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती।”

राज्य विधानसभा का बजट सत्र छह मार्च से शुरू होने वाला है।

बोरकर ने विरोध जारी रहने के बाद दुर्व्यवहार करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का आवेदन दाखिल किया।

उन्होंने कहा, “मैंने अध्यक्ष से फोन पर बात की है और उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि उन्हें पुलिस कार्रवाई के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी।”

विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ, आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक वेंजी विएगास, गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुनील कावथंकर, आम आदमी पार्टी की पूर्व गोवा इकाई के अध्यक्ष अमित पालेकर समेत कई अन्य नेताओं ने बोरकर का समर्थन किया और यहां आजाद मैदान में हो रहे विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

बोरकर ने भूमि उपयोग योजना को रद्द करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की।

भाषा जितेंद्र माधव

माधव