पणजी, 21 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गोवा इकाई के एक वरिष्ठ नेता द्वारा ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के ‘चलो संसद’ मार्च और प्रदर्शन को लेकर की गई सोशल मीडिया पोस्ट पर मंगलवार को विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) ने इस पोस्ट की निंदा करते हुए भाजपा नेता से माफीनामा की मांग की।
भाजपा की गोवा इकाई के उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद नरेंद्र सवाईकर के पोस्ट में भारत का एक चित्रात्मक मानचित्र दिखाया गया था, जिसमें कॉकरोच और दीमक फैले हुए थे। विपक्षी नेताओं ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि सरकार से सवाल पूछने वाले नागरिकों को सत्तारूढ़ दल राष्ट्रविरोधी करार दे रहा है।
सवाईकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर यह तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘दीमकों के साथ कॉकरोच! राष्ट्र को बचाइए!’’
इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस की गोवा इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष सुनील कवथणकर ने कहा कि भाजपा नेता को 24 घंटे के भीतर अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी या सरकार की आलोचना करने वालों को ‘राष्ट्रविरोधी’ या ‘आतंकवादी’ करार देना बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोगों को सरकार और उसकी नीतियों पर सवाल उठाने का पूरा अधिकार है।
कवथणकर ने कहा कि भाजपा एक राजनीतिक दल है और ‘राष्ट्र का पर्याय’ नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार की आलोचना को राष्ट्रविरोधी गतिविधि नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है।
कांग्रेस नेता के विचारों का समर्थन करते हुए ‘आप’ विधायक क्रूज सिल्वा ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के लिए सवाईकर द्वारा ‘दीमक’ शब्द का इस्तेमाल किए जाने की निंदा की और इसे ‘शर्मनाक तथा अस्वीकार्य’ बताया।
उधर, बार-बार संपर्क किए जाने के बावजूद सवाईकर इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देने के लिए उपलब्ध नहीं हो सके।
भाषा रवि कांत रवि कांत सुरेश
सुरेश