पणजी, 20 जून (भाषा) मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि गोवा के उन सभी 12 केंद्रों पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं जहां रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) दोबारा आयोजित की जाएगी।
शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए सावंत ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सभी एजेंसियां सतर्क रहेंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘पूरे गोवा में 12 केंद्रों पर नीट-यूजी दोबारा आयोजित की जाएगी। राज्य के मुख्य सचिव परीक्षा के आयोजन की तैयारियों पर व्यक्तिगत रूप से नजर रख रहे हैं।’’
सावंत ने कहा कि राज्य के तीनों जिलों के कलेक्टर भी स्थिति पर नजर रखेंगे।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग, अग्निशमन और आपातकालीन सेवा, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी इन केंद्रों पर तैयारी के साथ मुस्तैद रहेंगे।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बीच तीन मई को आयोजित नीट-यूजी को 12 मई को रद्द कर दिया था। यह परीक्षा दोबारा 21 जून को होनी है।
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश