गुलामी के प्रतीकों को मिटाकर राष्ट्र का आत्मसम्मान लौटाने का काम कर रही सरकार: शर्मा

Ads

गुलामी के प्रतीकों को मिटाकर राष्ट्र का आत्मसम्मान लौटाने का काम कर रही सरकार: शर्मा

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 10:42 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 10:42 PM IST

जयपुर, 20 जून (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार गुलामी के प्रतीकों को मिटा कर राष्ट्र का आत्मविश्वास एवं स्वाभिमान लौटाने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने सिरोही के आबूराज में 74 करोड़ रुपये से अधिक के 41 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ राजस्थान की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आबूराज को पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याण के क्षेत्र में नयी पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार निरंतर काम कर रही है।

शर्मा ने रेगिस्तानी राज्य राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू के लिए ‘आबूराज’ नाम का औपचारिक लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विरासत भी, विकास भी’ के मूलमंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। इसी भावना के अनुरूप आबूपर्वत का नाम आबूराज पुनःस्थापित किया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘आबूराज केवल नाम परिवर्तन नहीं है यह हमारी संस्कृति, विरासत के साथ-साथ जनता की आस्था, संत समाज की भावना का सम्मान है।’’

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि आज भारत गुलामी की मानसिकता से बाहर निकलकर आत्मविश्वास और स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ रहा है और पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशभर में ऐसे अनेक निर्णय लिए गए हैं, जिन्होंने औपनिवेशिक सोच और प्रतीकों से मुक्ति दिलाने का काम किया है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, शर्मा ने सिरोही जिले में 37 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक लागत के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

भाषा पृथ्वी शफीक

शफीक