मणिपुर के मुख्यमंत्री ने सभी समुदायों से मतभेद भुलाकर बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील की

Ads

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने सभी समुदायों से मतभेद भुलाकर बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील की

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 10:58 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 10:58 PM IST

इंफाल, 20 जून (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने शनिवार को राज्य में रहने वाले सभी समुदायों से आपसी मतभेद भुलाकर शांति लाने के लिए बातचीत की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने राज्य के लोगों से शांति बहाल करने और उसे बनाए रखने के लिए सरकार की जारी कोशिशों में पूरा सहयोग देने की भी अपील की।

यहां चिंगामाथक में आयोजित ‘जन कल्याण शिविर’ में लोगों को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि यह शिविर राज्य के लोगों के घरों तक सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के मकसद से आयोजित किया जा रहा है।

इस बात पर जोर देते हुए कि शांतिपूर्ण माहौल बनाए बिना राज्य में विकास नहीं हो सकता, सिंह ने आग्रह किया कि राज्य में रहने वाले सभी समुदायों को अपने मतभेद भुलाकर शांति लाने के लिए बातचीत की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए सिंह ने कहा कि यह शिविर ‘विकसित भारत-विकसित मणिपुर 2047’ के दृष्टिकोण को साकार करने की व्यापक कोशिश का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की ‘लुक ईस्ट पॉलिसी’ अब ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ में तब्दील हो गई है और यह दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए एक प्रवेश द्वार का काम करेगी।

भाषा संतोष शफीक

शफीक