पणजी, एक जून (भाषा) गोवा पुलिस ने एक अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अपराध शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी को उत्तर प्रदेश के बहराइच से गिरफ्तार किया गया।
इस मामले की जांच 20 मई को मांडवी पुल के नीचे थोक मछली बाजार के पास छापेमारी के बाद शुरू हुई थी। उस दौरान नेपाली नागरिकों अर्जुन विश्वकर्मा (36) और चेतकांत ओली (25) को गिरफ्तार किया गया था, जिनके पास से 8.88 लाख रुपये मूल्य की 39.88 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी।
उन्होंने बताया, ‘दोनों से पूछताछ के बाद नेपाल के ही रहने वाले नारीशोर भंडारी को गिरफ्तार किया गया। डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण और वित्तीय लेन-देन की जांच से भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से गोवा तक फैले नेटवर्क का खुलासा हुआ।’
अधिकारी ने बताया कि आरोपी मोबाइल फोन के जरिए उत्तर प्रदेश के बहराइच स्थित एक आपूर्तिकर्ता को हेरोइन का ऑर्डर देते थे और कथित तौर पर ऑनलाइन बैंकिंग व डिजिटल माध्यमों से भुगतान करते थे।
उन्होंने कहा, ‘इसके बाद प्रतिबंधित सामग्री को गोवा-रुपईडीहा सीधी बस सेवाओं के माध्यम से पार्सल के रूप में भेजा जाता था। भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित रुपईडीहा इस तस्करी का मुख्य केंद्र था। तकनीकी निगरानी और वित्तीय लेन-देन पर नजर रखने के बाद अपराध शाखा ने मुख्य आपूर्तिकर्ता की पहचान बहराइच निवासी इखलाक अहमद उर्फ मन्ना मलिक के रूप में की।’
अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के साथ संयुक्त अभियान में मलिक को बहराइच से पकड़ा गया, जिससे इस नेटवर्क की कड़ियों को उजागर करने में मदद मिली है।
उन्होंने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने, मादक पदार्थों के स्रोत का पता लगाने और पूरे गिरोह को खत्म करने के लिए जांच की जा रही है।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश