पणजी, 25 फरवरी (भाषा) गोवा के समुद्र तटों पर घूमने के लिए आने वाले पर्यटक अब सुरक्षा को लेकर निश्चिंत होकर समय बिता सकेंगे। राज्य में तटरेखा के किनारे ‘सीहॉर्स’ नाम के तैरते हुए बचाव केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।, जिससे आपात स्थिति में जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
इन तैरते हुए केंद्रों में रैंप पर तैनात जेट स्की लगाई गई हैं, ताकि समुद्र तटों पर किसी भी आपात स्थिति में कुछ ही सेकंड के भीतर बचाव अभियान शुरू किया जा सके। गोवा के समुद्र तट हर साल लाखों पर्यटकों को आकर्षित करते हैं, ऐसे में यह व्यवस्था त्वरित और प्रभावी राहत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
इन तैरते हुए केंद्रों को दृष्टि लाइफगार्ड सर्विसेज द्वारा स्थापित किया गया था।
गोवा के पर्यटन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ प्रत्येक सीहॉर्स केंद्र पर रैंप पर दो जेट स्की पहले से ही तैनात होती हैं, जिससे आपातकालीन कॉल प्राप्त होने के तुरंत बाद उन्हें बचाव अभियान के लिए भेजा जा सकता है।’’
राज्य के पर्यटन विभाग के निदेशक केदार नाइक ने कहा कि गोवा ने अपने समग्र समुद्र तट सुरक्षा तंत्र को मजबूत किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘ हमने गोवा के सभी समुद्र तटों पर पर्यटक पुलिस तैनात कर दी है। मौजूदा समय में, लगभग 104 पर्यटक पुलिस कर्मी ड्यूटी पर हैं। इसके अतिरिक्त, सुरक्षा और पर्यटकों की सहायता को मजबूत करने के लिए विभिन्न समुद्र तटों पर बीच वार्डन तैनात किए गए हैं।’’
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव