गोवा की आप इकाई ने भाजपा को राज्य की कानून व्यवस्था पर बहस की चुनौती दी

गोवा की आप इकाई ने भाजपा को राज्य की कानून व्यवस्था पर बहस की चुनौती दी

गोवा की आप इकाई ने भाजपा को राज्य की कानून व्यवस्था पर बहस की चुनौती दी
Modified Date: November 10, 2025 / 03:37 pm IST
Published Date: November 10, 2025 3:37 pm IST

पणजी, 10 नवंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) की गोवा इकाई ने सोमवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राज्य की कानून व्यवस्था पर बहस की चुनौती दी।

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राज्य को कानून-व्यवस्था रहित करार दिया था जिस पर सत्तारूढ़ दल ने उन्हें ‘अज्ञानी’ करार दिया था।

केजरीवाल ने शनिवार को दावा किया था कि भाजपा शासन में गोवा अराजक स्थिति वाला राज्य बन गया है।

भाजपा की गोवा इकाई ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अपने सोशल मीडिया अकांउट से एक पोस्ट में कहा, ‘‘ अज्ञानी, तथ्यों को जाने बिना हमारे राज्य के बारे में बातें नहीं करें। जब आप सत्ता में थे, तब आपने दिल्ली को बर्बाद कर दिया था। अब आप पंजाब को बर्बाद करने की कोशिश कर रहे हैं। मादक पदार्थ हर जगह मौजूद हैं, सड़कों पर खुलेआम अपराध हो रहे हैं, भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और माफिया राज मजबूत हो रहा है। इन समस्याओं का समाधान करें।’’

भाजपा ने आप सरकार द्वारा केजरीवाल को बंगला आवंटित किए जाने के आरोपों का संदर्भ देते हुए कहा,‘‘हमें उम्मीद है कि आप पंजाब में अपने नए शीशमहल का आनंद ले रहे होंगे, जो करदाताओं के पैसे से बना है। हमारे राज्य पर टिप्पणी करके समय बर्बाद नहीं करें।’’

आप की गोवा इकाई के अध्यक्ष अमित पालेकर ने सोमवार को यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और प्रदेश भाजपा प्रमुख दामोदर नाइक को ‘‘कानून व्यवस्था की स्थिति पर खुली सार्वजनिक बहस’’ की चुनौती दी।

पालेकर ने गैंगवार, हत्या, पर्यटकों को परेशान करने सहित अपराधों की एक सूची साझा करते हुए कहा कि पुलिस तंत्र पर कोई नियंत्रण नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘उत्तरी गोवा के तटीय क्षेत्र कलंगुट में कुछ लोग सरकार के संरक्षण में जबरन वसूली कर रहे हैं। आप ने जबरन वसूली में शामिल लोगों की सूची दी थी, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।’’

भाषा धीरज अविनाश

अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में