पणजी, 26 मई (भाषा) गोवा के पर्यावरणविद् और कैथोलिक पादरी फादर बोलमैक्स परेरा का मंगलवार को यहां के पास एक सरकारी अस्पताल में हृदयाघात से निधन हो गया। चिकित्सकों ने यह जानकारी दी।
वह 50 वर्ष के थे।
दक्षिण गोवा के चिकालिम स्थित सेंट फ्रांसिस जेवियर चर्च में पादरी के रूप में सेवा देने के अलावा परेरा ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई आंदोलनों का नेतृत्व किया था।
परेरा शनिवार को चर्च के सदस्यों के साथ पिकनिक पर जा रहे थे, तभी वास्को रेलवे स्टेशन पर उन्हें दिल का दौरा पड़ गया।
सूत्रों ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर बेहोश होने के बाद उन्हें वास्को के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में उन्हें सरकारी गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) रेफर कर दिया गया।
जीएमसीएच के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने बताया कि शनिवार रात उन्हें फिर से हृदयाघात हुआ, जिसके बाद उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था।
जीएमसीएच के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश पाटिल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पादरी परेरा ने मंगलवार तड़के साढ़े चार बजे अंतिम सांस ली।
परेरा के आंदोलनों में वास्को के पास रेलवे मार्ग के दोहरीकरण और एक बिजली परियोजना के लिए मोलेम के जंगलों को नष्ट किए जाने का विरोध शामिल था।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने सोमवार सुबह जीएमसीएच का दौरा कर पादरी परेरा के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
इसके बाद उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उन्हें हरसंभव बेहतर इलाज और देखभाल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था।
भाषा
प्रचेता वैभव
वैभव