नर्मदा जिला पंचायत की जीत बदलाव का संकेत: केजरीवाल

Ads

नर्मदा जिला पंचायत की जीत बदलाव का संकेत: केजरीवाल

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 09:18 AM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 09:18 AM IST

(तस्वीर सहित)

नर्मदा (गुजरात), 26 मई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में हाल में हुए नर्मदा जिला पंचायत चुनाव में पार्टी की जीत, सरकार में बदलाव के लिए लोगों की उत्सुकता को दर्शाती है।

आदिवासी बहुल नर्मदा जिले के रापिपला में सोमवार को एक रोडशो के दौरान केजरीवाल ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के विकल्प के रूप में आम आदमी पार्टी को जनता का समर्थन हासिल है।

पिछले माह हुए स्थानीय निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी ने पहली बार गुजरात में नर्मदा जिला पंचायत और 12 तालुका पंचायतें जीतीं।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘पिछले 75 वर्षों से, चाहे राज्य स्तर पर हो या जिला स्तर पर, गुजरात में केवल कांग्रेस या भारतीय जनता पार्टी ने ही सरकारें बनाई हैं। लोग कहते थे कि यहां किसी तीसरी पार्टी की कोई जगह नहीं है। लेकिन पहली बार, गुजरात की जनता ने आम आदमी पार्टी को सत्ता में चुना है।’’

इस दौरान उनके साथ आम आदमी पार्टी के विधायक चैतर वसावा, नवनिर्वाचित नर्मदा जिला अध्यक्ष अंजना वसावा और उपाध्यक्ष संगीता तड़वी मौजूद थीं।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी की जीत यह दर्शाती है कि गुजरात की जनता बदलाव चाहती है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘नर्मदा जिले के इस आदिवासी क्षेत्र की जनता ने जो चिंगारी जलाई है, वह अब पूरे गुजरात में फैलेगी और 2027 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।’’

केजरीवाल ने कहा कि नर्मदा जिला पंचायत में पार्टी की जीत ‘‘किसी क्रांति से कम नहीं’’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन दशकों से अधिक समय से किसी विकल्प के अभाव में जनता भाजपा के भ्रष्टाचार, दमन और अत्याचार को झेलती रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा और कांग्रेस मिलकर काम करती हैं।’’ उन्होंने दोनों दलों पर एक-दूसरे की मदद करने का आरोप लगाया।

केजरीवाल ने कहा कि दोनों दलों के बीच धनिष्ठ ‘‘भाईचारा’’ है, जो गुजरात को लूटने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।

नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा से आम आदमी पार्टी के विधायक वसावा पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है और वह जमानत पर बाहर हैं।

केजरीवाल ने दावा किया कि वसावा की गिरफ्तारी से नाराज आदिवासी समाज ने नर्मदा जिला चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के मुंह पर करारा तमाचा मारा है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को बेहतरीन काम करना होगा, ईमानदारी से काम करना होगा और जनता के भरोसे को बनाए रखना होगा।

हाल में संपन्न स्थानीय निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी के 600 से अधिक उम्मीदवार जीते और पार्टी ने भी कई तालुका पंचायतों में जीत दर्ज की है।

भाषा खारी रंजन

रंजन