फिल्म निर्माताओं के विभिन्न मुद्दों की ओर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे गोपी

Ads

फिल्म निर्माताओं के विभिन्न मुद्दों की ओर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे गोपी

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 05:47 PM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 05:47 PM IST

कोच्चि, 13 जून (भाषा) केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने शनिवार को कहा कि वह फिल्म चोरी (पायरेसी), ओटीटी मंचों से उत्पन्न चुनौतियों और नकारात्मक समीक्षाओं (रिव्यू बॉम्बिंग) समेत फिल्म निर्माताओं के विभिन्न मुद्दों की ओर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे।

गोपी यहां दक्षिण भारतीय फिल्म निर्माताओं की बैठक में भाग लेने के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।

गोपी ने कहा कि पांच दक्षिणी राज्यों के प्रमुख फिल्म उद्योगों के प्रतिनिधियों ने पहले अलग से बैठक की थी और बाद में अपनी चिंताओं से उन्हें अवगत कराने के लिए एक संयुक्त बैठक में आमंत्रित किया था।

उन्होंने कहा कि उसी अनुरोध के आधार पर मई में हैदराबाद में उनकी अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसके बाद कोच्चि में एक और दौर की चर्चा हुई।

गोपी ने कहा, ‘उन्होंने भारतीय फिल्म उद्योग के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए जाने वाले तत्काल कदमों पर चर्चा की और उन निर्णयों को रेखांकित किया जिन्हें वर्षों पहले लिया जाना चाहिए था। उद्योग को प्रभावित करने वाले कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।’

गोपी ने कहा कि उन्होंने फिल्म निर्माताओं से उनकी चिंताओं और समस्याओं का विस्तृत विवरण तैयार करके एक रिपोर्ट बनाने को कहा है।

उन्होंने कहा, ‘चूंकि मैं स्वयं भी इस उद्योग का हिस्सा हूं और कई मुद्दों से भली-भांति परिचित हूं, इसलिए अंतिम रूप दिए जाने के बाद रिपोर्ट सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को सौंपी जाएगी।’

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश