असम के मुख्यमंत्री ने विमान दुर्घटना में वायुसेना के पांच कर्मियों की मौत पर शोक जताया

Ads

असम के मुख्यमंत्री ने विमान दुर्घटना में वायुसेना के पांच कर्मियों की मौत पर शोक जताया

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 05:37 PM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 05:37 PM IST

गुवाहाटी, 13 जून (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को जोरहाट में विमान दुर्घटना में भारतीय वायुसेना के पांच कर्मियों की मौत होने पर गहरा शोक व्यक्त किया।

रूस में निर्मित एएन-32 विमान नियमित उड़ान के दौरान पूर्वाह्न लगभग 10 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीर वायु दानिश आलम की मौत हो गई।

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर किए गए एक पोस्ट में कहा, “जोरहाट में एएन-32 दुर्घटना में भारतीय वायुसेना के पांच वीर वायु योद्धाओं की मृत्यु से दुखी हूं।”

उन्होंने कहा कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान वायुसेना कर्मियों की मृत्यु ‘अत्यंत दुखद’ है।

उन्होंने असम की जनता की ओर से शोकाकुल परिवारों के लिए प्रार्थना भी की।

शर्मा ने कहा, ‘असम सरकार संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है और किसी भी प्रकार का सहयोग एवं सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।’

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप