जम्मू कश्मीर में नये पर्यटन क्षेत्रों को अधिसूचित करने के प्रस्ताव पर सरकार विचार कर रही: मंत्री डार

Ads

जम्मू कश्मीर में नये पर्यटन क्षेत्रों को अधिसूचित करने के प्रस्ताव पर सरकार विचार कर रही: मंत्री डार

  •  
  • Publish Date - February 13, 2026 / 08:51 AM IST,
    Updated On - February 13, 2026 / 08:51 AM IST

जम्मू, 13 फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर सरकार केंद्र शासित प्रदेश में पर्यटन योग्य नये क्षेत्रों की अधिसूचना जारी करने के प्रस्ताव की समीक्षा कर रही है। यह बात मंत्री जावेद अहमद डार ने कही।

डार ने विधानसभा में पूछे गए एक सवाल का मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की ओर से उत्तर देते हुए कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कठुआ के बानी निर्वाचन क्षेत्र में बानी शहर, लोवांग और सार्थल जैसे कई प्रमुख स्थान सरकार के विचारधीन हैं।

मंत्री ने पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि सरकार जम्मू मंडल में पर्यटन अवसंरचना को मजबूत करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

डार ने कहा, “पर्यटकों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख पर्यटन स्थलों पर विश्राम गृह और ‘टूरिस्ट हट’ बनाने के प्रयास किए जाएंगे।”

उन्होंने कहा कि उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में सरकार की व्यापक पर्यटन प्रोत्साहन पहल के तहत आठ फरवरी को बानी (जिला कठुआ) में शीतकालीन कार्निवल आयोजित किया गया।

मंत्री ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन क्षमता को प्रदर्शित करना था। मंत्री ने नए पर्यटन स्थलों की खोज और विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार सृजित होंगे और जम्मू कश्मीर को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने कहा कि उनकी सरकार ने जम्मू प्रांत में पर्यटन को बढ़ावा देने, साइबर सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने और विरासत संरक्षण को आगे बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक युद्धवीर सेठी के प्रश्नों के लिखित उत्तर में उन्होंने कहा कि अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद यात्रियों का विश्वास बहाल करने और पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए कई पहल की गई हैं।

भाषा अमित सिम्मी

सिम्मी