अरुणाचल के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की

Ads

अरुणाचल के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 06:23 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 06:23 PM IST

ईटानगर, नौ अगस्त (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल के टी परनाइक (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने रविवार को अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर यहां ‘गोल्डन जुबली स्टेट बैंक्वेट हॉल’ में राज्यव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की।

उपमुख्यमंत्री चौना मीन के साथ अभियान की शुरुआत करते हुए राज्यपाल ने युवाओं को राष्ट्रीय ध्वज दिए और प्रतिभागियों के साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ गाया।

राज्यपाल परनाइक ने अपने संबोधन में सभी नागरिकों से गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान देशभक्ति की भावना को पुर्नजीवित करने और भावनात्मक एकजुटता को मजबूत करने वाला जन आंदोलन है।

उन्होंने कहा कि देश जब ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में देशभक्ति को जिम्मेदार नागरिक व्यवहार से जोड़ना जरूरी है। इसमें संविधान का सम्मान, पर्यावरण का प्रबंधन और नागरिक कर्तव्यों का पालन शामिल है।

परनाइक ने 1942 में इसी दिन महात्मा गांधी के नेतृत्व में शुरू हुए भारत छोड़ो आंदोलन को याद करते हुए कहा कि तिरंगा आज भी देश की एकता, बलिदान और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है।

अरुणाचल प्रदेश को देश की पूर्वी सीमा का प्रहरी बताते हुए उन्होंने युवाओं से रोजमर्रा की बातचीत में ‘जय हिंद’ को अभिवादन के रूप में अपनाने की अपील की। उन्होंने राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए स्थानीय भाषाओं के साथ हिंदी के इस्तेमाल को भी बढ़ावा देने की बात कही।

मुख्यमंत्री खांडू ने कहा कि यह अभियान केवल झंडा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों का देश के मूल मूल्यों से जुड़ाव मजबूत करने और स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देने का भी माध्यम है।

उपमुख्यमंत्री मीन ने राज्य के उन स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी, जिन्हें व्यापक पहचान नहीं मिली। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गौरव अरुणाचल प्रदेश के हर नागरिक के दिल में गहराई से बसा है।

भाषा प्रचेता प्रशांत

प्रशांत