हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल ने जनगणना 2027 के लिए स्व-गणना अभियान की शुरुआत की

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल ने जनगणना 2027 के लिए स्व-गणना अभियान की शुरुआत की

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल ने जनगणना 2027 के लिए स्व-गणना अभियान की शुरुआत की
Modified Date: June 1, 2026 / 07:44 pm IST
Published Date: June 1, 2026 7:44 pm IST

शिमला, एक जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने सोमवार को जनगणना 2027 के पहले चरण के लिए स्व-गणना अभियान की शुरुआत की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

राज्यव्यापी अभियान 15 जून तक चलेगा, जिसके तहत नागरिक ऑनलाइन स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से स्वेच्छा से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी भर सकेंगे।

बयान के अनुसार, राज्यपाल ने स्व-गणना दर्ज कर इस अभियान की शुरुआत की।

हिमाचल प्रदेश की जनगणना संचालन निदेशक दीप शिखा शर्मा ने विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर गुप्ता को डिजिटल जनगणना प्रक्रिया की विभिन्न विशेषताओं और प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी।

प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी होने के बाद राज्यपाल ने कहा कि जनगणना केवल जनसांख्यिकीय आंकड़े एकत्र करने का एक माध्यम नहीं है, बल्कि यह भविष्य की विकास योजनाओं और जन कल्याणकारी नीतियों एवं कार्यक्रमों के निर्माण का आधार है।

उन्होंने राज्य के सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय रूप से भाग लेने और स्वयं जनगणना पूरी करने की अपील की।

उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे प्रक्रिया पूरी होने पर पोर्टल द्वारा जारी की गई स्व-गणना आईडी को सावधानीपूर्वक संभाल कर रखें।

गुप्ता ने कहा, ’16 जून से 15 जुलाई तक चलने वाले अगले चरण में, जनगणना कर्मी राज्य भर के घरों में जाएंगे और नागरिकों को जनगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए अपनी स्व गणना आईडी प्रदान करनी होगी।’

भाषा राखी दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में