सांस्कृतिक कार्यक्रमों में डीजे के ‘आइटम सॉन्ग’ बजाने पर रोक के पक्ष में सरकार : मंत्री
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में डीजे के 'आइटम सॉन्ग' बजाने पर रोक के पक्ष में सरकार : मंत्री
बेंगलुरु, 18 मार्च (भाषा) कर्नाटक के कन्नड़ एवं संस्कृति मंत्री शिवराज तंगदगी ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं शोभा यात्राओं में ‘आइटम सॉन्ग’ तथा तेज ध्वनि वाले संगीत बजाने के लिए डिस्क जॉकी (डीजे) के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने के पक्ष में है।
विधानसभा में मंत्री अपने मंत्रिमंडल सहयोगी संतोष लाड के प्रश्न का उत्तर दे रहे थे जिसमें उन्होंने ऐसे आयोजनों के दौरान डीजे द्वारा ‘आइटम सॉन्ग’ बजाने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
लाड ने कहा, “सभी जयंती (प्रमुख हस्तियों की जयंती) और त्योहारों में डीजे एक बड़ी समस्या बन गए हैं। किसी भी कार्यक्रम में डीजे और ‘आइटम सॉन्ग’ के बिना हमारे देवी-देवताओं की शोभायात्रा भी आगे नहीं बढ़ती। यह शर्मनाक है।”
उन्होंने कहा, “मैं इस सदन से आग्रह करता हूं कि कोई भी सरकार सत्ता में आए, जयंती के दौरान इस पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।”
इस पर मंत्री तंगदगी ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को इसमें सहयोग करना चाहिए। हमें आदेश जारी करना ही होगा क्योंकि डीजे कई तरह की समस्याएं पैदा कर रहे हैं।”
इस दौरान शिवमोगा से भाजपा के विधायक एस. एन. चन्नबसप्पा ने इस प्रस्ताव का विरोध किया।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


