युवाओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी सरकार: मुख्यमंत्री शर्मा

Ads

युवाओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी सरकार: मुख्यमंत्री शर्मा

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 04:25 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 04:25 PM IST

जयपुर, 27 अगस्त (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं को मेहनत व लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार उन्हें सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

शर्मा ने ‘युवा शक्ति’ को देश की सबसे बड़ी पूंजी बताया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी इस कार्यक्रम से जुड़े।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं के धैर्य, आत्मविश्वास और अथक परिश्रम से ही ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है और अब गांव-गांव की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार राज्य में खेलों को नयी ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए निरंतर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं, आर्थिक सुरक्षा और सम्मान के माध्यम से विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार किया जा रहा है।

शर्मा ने कहा कि राज्य में 50 खेलो इंडिया केन्द्र स्थापित किए गए हैं तथा सवाई मानसिंह स्टेडियम में एथलेटिक्स, तीरंदाजी और बॉक्सिंग के लिए ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ व जयपुर में लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से महाराणा प्रताप खेलकूद विश्वविद्यालय की स्थापना भी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले 186 खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां प्रदान की गई हैं।

आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर बजट में युवाओं की इच्छाओं और अपेक्षाओं का ध्यान रखते हुए उन्हें पूरा कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती परीक्षाओं के लिए कैलेंडर जारी किया है और अब तक 410 परीक्षाएं बिना किसी पेपर लीक के आयोजित की जा चुकी हैं तथा एक लाख 89 हजार से अधिक नियुक्तियां दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साथ ही, एक लाख 22 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। वहीं, निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है।

इससे पहले, मुख्यमंत्री ने छठी एशियन अंडर-18 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता लक्षिता, ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में रजत पदक विजेता मानव शर्मा, राज्य अंडर-23 में स्वर्ण पदक विजेता अविरल तिवारी और राष्ट्रीय स्क्वैश चैंपियनशिप प्रतिभागी भूमिका पारीक से संवाद कर उनके सुझाव एवं अनुभव सुने।

भाषा पृथ्वी शफीक

शफीक