तिरुवंनतपुरम, पांच अगस्त (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार पूर्ववर्ती वाम मोर्चा शासन के दौरान अधिकारियों द्वारा किए गए कृत्यों को नहीं भूलेगी।
उन्होंने साथ ही परोक्ष रूप से चेतावनी दी कि कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) विरोधी अधिकारियों को स्थानांतरण के लिए तैयार रहना चाहिए।
कांग्रेस-समर्थक वित्त सचिवालय संघ के सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह नहीं चाहते कि सरकारी अधिकारी उनकी चापलूसी करें या ज़रूरत से ज़्यादा तारीफ़ करें।
उन्होंने इसकी तुलना पिछली वामपंथी सरकार के समय हुई घटनाओं से की, जब कुछ अधिकारियों ने सत्ता में मौजूद राजनीतिक नेतृत्व की खुलकर तारीफ की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तबादले होंगे और याद दिलाया कि जब यूडीएफ पहले सत्ता में आया था, तो वह अक्सर पुरानी बातें भुला देता था।
सतीशन ने विपक्ष-समर्थक संघों के नेताओं को परोक्ष रूप से चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘हम भूलेंगे नहीं। हमें (अधिकारियों के पूर्व के कृत्यों की) याद है। किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। लेकिन तबादले होंगे। जब भी ज़रूरत हो, उसके लिए तैयार रहें।’’
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल