सरकार के विकास कार्य नहीं रुकेंगे भले ही मुझे जेल भेज दिया जाए : केजरीवाल
सरकार के विकास कार्य नहीं रुकेंगे भले ही मुझे जेल भेज दिया जाए : केजरीवाल
(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि भले ही उन्हें जेल भेज दिया जाए, स्कूल बनाने और लोगों को मुफ्त इलाज मुहैया कराने जैसे दिल्ली सरकार के जारी विकास कार्य रुकेंगे नहीं।
केजरीवाल ने यहां किरारी में दो स्कूलों की इमारतों की आधारशिला रखने के बाद कहा, ‘‘मनीष सिसोदिया को जेल में डाल दिया गया क्योंकि उन्होंने स्कूल बनवाए। सत्येंद्र जैन को जेल भेज दिया गया क्योंकि उन्होंने मोहल्ला क्लीनिक बनवाए।’’
उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी सभी केंद्रीय एजेंसियों को उनके (‘आप’ नेताओं के) पीछे लगा दिया गया है।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘भले ही आप केजरीवाल को जेल में डाल दें, स्कूल एवं मोहल्ला क्लीनिक बनाने और दिल्ली के लोगों को मुफ्त इलाज प्रदान करने के (जारी) काम नहीं रुकेंगे। भाजपा चाहती है कि हम उनकी पार्टी में शामिल हो जाएं लेकिन हम झुकेंगे नहीं।’’
भाषा सिम्मी प्रशांत
प्रशांत

Facebook


