अहमदाबाद, 18 जून (भाषा) गुजरात के अहमदाबाद में दोबारा नीट-यूजी देने की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय अभ्यर्थी ने बुधवार-बृहस्पतिवार की दरमियानी रात को एक इमारत की छठी मंजिल पर स्थित अपने फ्लैट से कथित तौर पर नीचे छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
साबरमती थाना के निरीक्षक वाई आर वाघेला ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘करीब 2:55 बजे, नीट की तैयारी कर रहे एक लड़के ने अहमदाबाद के त्रगाड इलाके में ‘एरिस्टो आनंदम’ सोसाइटी के ‘बी’ ब्लॉक में स्थित अपने अपार्टमेंट की छठी मंज़िल की बालकनी से छलांग लगा दी।’’
अधिकारी ने बताया कि सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड ने लड़के को सार्वजनिक स्थान पर पड़ा हुआ देखा और निवासियों को इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि किशोर को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वाघेला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी को 21 जून चिकित्सा के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए दोबारा आयोजित की जा रही राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (नीट) में शामिल होना था।
वाघेला ने बताया कि उसने पिछली परीक्षाओं में अच्छे अंक हासिल किए थे।
उन्होंने बताया कि किशोर अहमदाबाद में अपनी मां और छोटे भाई के साथ रहता था, जबकि उसके पिता पेशे से वकील हैं पत्नी से अलग होने के बाद सूरत में रहते हैं। और माता-पिता के अलग होने के बाद सूरत में रहते थे।
वाघेला ने बताया कि परिवार ने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया है, जिससे प्रतीत हो कि वह किसी मानसिक तनाव में था। घटनास्थल से भी कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है।
भाषा धीरज रंजन
रंजन