नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने बृहस्पतिवार को उम्मीद जताई कि दिल्ली पुलिस 20 जून को जंतर-मंतर पर उसे प्रदर्शन करने की अनुमति दे देगी।
सीजेपी ने कहा कि प्रस्तावित प्रदर्शन में नीट प्रश्नपत्र लीक विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जाएगी।
संगठन के अनुसार 20 जून को आयोजित होने वाला यह प्रदर्शन प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने में भी बदल सकता है।
सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संगठन ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है और इसके लिए दिल्ली पुलिस से अनुमति मांगी है।
दास ने कहा कि कलाकारों और गायकों को इस प्रदर्शन में शामिल होने और प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है। हमने दिल्ली पुलिस से सहयोग का अनुरोध किया है और हमें उम्मीद है कि अनुमति मिल जाएगी। यह जंतर-मंतर पर एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन होगा।’’
सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि पिछले 24 घंटों में चार नीट अभ्यर्थियों ने आत्महत्या कर ली है और उन्होंने दावा किया कि नीट प्रश्नपत्र लीक मामला सामने आने के बाद से अब तक 11 विद्यार्थियों ने आत्महत्या की है।
उन्होंने कहा, ‘‘चार परिवार तबाह हो गए हैं। नीट प्रश्नपत्र लीक के बाद से अब तक 11 विद्यार्थियों ने आत्महत्या की है।’’
उन्होंने मृतक विद्यार्थियों के परिवारों के लिए एक करोड़. एक करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की।
रांका ने संगठन की धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को दोहराया। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी स्थिति स्पष्ट है। हम चाहते हैं कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। हम 20 जून को फिर से विरोध प्रदर्शन करने के लिए आ रहे हैं क्योंकि सरकार की ओर से कोई संवाद नहीं हुआ है।’’
उन्होंने कहा कि जारी विवाद के बावजूद प्रधान का पद पर बने रहना लोकतांत्रिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल उठाता है।
कॉकरोच जनता पार्टी युवाओं के नेतृत्व वाला एक संगठन है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके हैं। इसकी शुरुआत एक ऑनलाइन अभियान से हुई जो बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और भर्ती में देरी जैसे मुद्दों को उठा रही है।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश