दिल्ली सरकार की दिसंबर में रामलीला मैदान में खान-पान पर्यटन उत्सव आयोजित करने की योजना

Ads

दिल्ली सरकार की दिसंबर में रामलीला मैदान में खान-पान पर्यटन उत्सव आयोजित करने की योजना

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 07:05 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 07:05 PM IST

(श्रुति भारद्वाज)

नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) दिल्ली सरकार इस दिसंबर में रामलीला मैदान में एक भव्य खान-पान पर्यटन उत्सव आयोजित करने की योजना बना रही है। इस उत्सव में आने वाले लोगों को भारत के अलग-अलग क्षेत्रों के स्वाद चखने का मौका मिलेगा और कई राज्यों के शेफ खाना पकाते नजर आएंगे।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह उत्सव पहली बार आयोजित किया जा रहा है और इसमें ‘लाइव कुकिंग’ सत्र होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा, ‘‘तीन दिन के उत्सव को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि आने वाले लोग विभिन्न शेफ से संवाद कर सकें, सामग्री और खाना पकाने के तरीकों के बारे में जान सकें और अलग-अलग इलाकों की पाक-कला परंपराओं को समझ सकें।’’

अधिकारी ने बताया कि यह उत्सव दिसंबर में रामलीला मैदान में आयोजित करने की योजना है, जिसमें अलग-अलग राज्यों के शेफ, कलाकार और सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि उत्सव में आने वाले लोगों को खाना पकाने में हिस्सा लेने और क्षेत्रीय व्यंजनों को बनाने की प्रक्रियाओं को समझने का मौका भी मिलेगा, जिससे यह कार्यक्रम सिर्फ खाने का स्वाद चखने तक ही सीमित नहीं रहेगा।

अधिकारी ने बताया कि खाने-पीने की चीजों के अलावा, इस उत्सव में हिस्सा लेने वाले राज्यों की पारंपरिक कला-कारीगरी, हथकरघा उत्पादों और बुनाई की तकनीकों को भी दिखाएगा।

अधिकारी के अनुसार, यह पहल इस सोच पर आधारित है कि दिल्ली, जहां देश के हर हिस्से के लोग रहते हैं, भारत की सांस्कृतिक विविधता का जश्न मनाने के लिए एक मंच बन सकती है। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विरासत के कई पहलू जैसे खान-पान, कला, संगीत और पारंपरिक विरासत, एक साथ देखने को मिल सकते हैं।

भाषा शफीक रंजन

रंजन