गुजरात एटीएस ने आतंकी साजिश के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया

गुजरात एटीएस ने आतंकी साजिश के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया

गुजरात एटीएस ने आतंकी साजिश के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया
Modified Date: April 21, 2026 / 06:16 pm IST
Published Date: April 21, 2026 6:16 pm IST

अहमदाबाद, 21 अप्रैल (भाषा) गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने दो लोगों को राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को अंजाम देने और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यक्तियों को कट्टरपंथी बनाकर देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने ‘‘गजवा-ए-हिंद’’ (भारत पर विजय) स्थापित करने के उद्देश्य से एक आतंकी नेटवर्क बनाने, आरडीएक्स विस्फोटकों का इस्तेमाल करके देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े नेताओं को निशाना बनाने और अपने मकसद को पूरा करने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं की भर्ती की योजना बनाई थी।

एजेंसी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि एटीएस तकनीकी और खुफिया जानकारी के माध्यम से सोशल मीडिया और इंटरनेट पर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रही है।

इस प्रक्रिया के दौरान, पाटन जिले के सिद्धपुर निवासी इरफान कालेखान पठान (22) के बारे में गोपनीय जानकारी प्राप्त हुई, जो कथित तौर पर चरमपंथी इस्लामी विचारधारा से प्रभावित था।

एटीएस अधिकारियों ने पठान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। जांच से पता चला कि वह व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से आईएसआईएस और अन्य कट्टरपंथी व्यक्तियों और समूहों से जुड़े लोगों के संपर्क में था।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि पठान जिहादी प्रचार फैलाने और देश भर में समान विचारधारा वाले कट्टरपंथियों का नेटवर्क बनाने की कोशिश में सक्रिय रूप से शामिल था।

एटीएस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 61 (आपराधिक षड्यंत्र) और 148 (सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की और पठान को गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान, मुंबई के साकीनाका निवासी मुर्शीद जाहिद अख्तर शेख (21) की संलिप्तता सामने आई। गुजरात एटीएस की एक टीम ने महाराष्ट्र पुलिस की सहायता से शेख को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए उसे अपने साथ ले आई।

अधिकारियों के अनुसार, जांच में पता चला कि शेख पठान के साथ मिलकर साजिश में सक्रिय रूप से शामिल था। शेख को बाद में इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया।

स्थानीय अदालत ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को 11 दिन की एटीएस हिरासत में भेज दिया। एटीएस ने बताया कि कथित आतंकी साजिश में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिए जांच जारी है।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में