गुजरात एटीएस ने उप्र के एक मुर्गी फार्म में मेफेड्रन बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया; दो गिरफ्तार

Ads

गुजरात एटीएस ने उप्र के एक मुर्गी फार्म में मेफेड्रन बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया; दो गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 18, 2026 / 08:08 PM IST,
    Updated On - March 18, 2026 / 08:08 PM IST

अहमदाबाद, 18 मार्च (भाषा) गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के एक मुर्गी फार्म में मेफेड्रन बनाने की इकाई का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एटीएस ने छह किलोग्राम मेफेड्रन, 50 किलोग्राम तरल मेफेड्रन और इस प्रतिबंधित पदार्थ के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले 88 किलोग्राम एक प्रमुख रसायन को जब्त किया है।

एटीएस के पुलिस अधीक्षक सुनील जोशी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के निवासी कपिलदेव शर्मा (31) और रामशंकर उर्फ पंकज परशुराम (30) के रूप में हुई है।

गुजरात एटीएस और उत्तर प्रदेश पुलिस की एक टीम ने मंगलवार को एक संदिग्ध मुर्गी फार्म पर छापा मारा।

अधिकारियों के अनुसार, टीम ने 6 किलोग्राम मेफेड्रन, 50 किलोग्राम तरल मेफेड्रन, 88 किलोग्राम 2-ब्रोमो-4-मिथाइल प्रोपायोफेनोन (जिसे हाल ही में एनडीपीएस अधिनियम के तहत नियंत्रित पदार्थ घोषित किया गया है), तथा 200 किलोग्राम कच्चा माल और अन्य रसायन जब्त किए।

मेफेड्रन एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रतिबंधित मनोदैहिक पदार्थ के रूप में सूचीबद्ध है।

जोशी ने पत्रकारों को बताया कि आरोपियों को 12 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

भाषा रंजन पवनेश

पवनेश