अहमदाबाद, छह अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने गुजरात के सात प्रमुख नगर निगमों के आगामी चुनावों के लिए अपने घोषणापत्र जारी किए, जिसमें सत्ता में आने पर नागरिक सेवाओं, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा सुविधाओं में सुधार और कर राहत का वादा किया गया है।
गुजरात में 15 नगर निगम सहित अन्य स्थानीय निकायों की लगभग 10,000 सीटों पर चुनाव के लिए मतदान 26 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 28 अप्रैल को निर्धारित है।
कांग्रेस ने इन 15 नगर निगमों में से अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, भावनगर, जामनगर, पोरबंदर और सुरेंद्रनगर के लिए अपने घोषणापत्र जारी किए। इन सभी सात नगर निगमों में वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का शासन है।
अहमदाबाद में कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में 10 प्रमुख वादे किए हैं, जिनमें वार्ड स्तर पर मुफ्त एक्स-रे और अन्य जांच जैसी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, संपत्ति कर को 18 प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत करना और ‘हाई-टेक सरकारी स्कूलों’ का निर्माण शामिल है।
पार्टी ने साबरमती नदी को साफ करने और अहमदाबाद को भारत के शीर्ष पांच शहरों में सबसे कम वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) वाले शहरों में शामिल करने का भी वादा किया। अन्य प्रमुख वादों में 10 साल तक चलने वाली सड़कों का निर्माण, नल कनेक्शन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना और सड़कों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए ‘जनता लेखापरीक्षा समितियों’ का गठन करना शामिल है।
राजकोट में कांग्रेस ने माधापर और मुंजका जैसे नव विकसित क्षेत्रों के लिए एक विशेष विकास पैकेज का वादा किया है। पार्टी ने 70 प्रतिशत तक कर छूट और आवासीय मकानों के लिए 50 प्रतिशत तक की राहत का प्रस्ताव रखा है। उसने 25 मिनट की जल वितरण प्रणाली और गंदे पानी के निपटान के लिए ‘जल कार्य बल’ बनाने का भी वादा किया है।
राजकोट के लिए किए गए अन्य प्रमुख वादों में हर क्षेत्र में मुफ्त पार्किंग और पैदल चलने योग्य फुटपाथ, बाहरी क्षेत्रों में सिटी बस सेवा और छात्राओं के लिए मुफ्त यात्रा शामिल हैं। पार्टी ने हर क्षेत्र में खेल के मैदानों के साथ-साथ डिजिटल स्कूल, मुफ्त कोचिंग सेंटर और वाईफाई जोन बनाने का भी वादा किया है।
राजकोट के लिए जारी घोषणापत्र में अनुसूचित जाति (एससी)/अनुसूचित जनजाति (एसटी)/अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी)/अत्यधिक पिछड़ा वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए आरक्षित भूखंड, महिलाओं के लिए जिम और पुस्तकालय जैसी विशेष सुविधाएं, महिलाओं के लिए नौकरी में 50 प्रतिशत आरक्षण (नगर निगम के पदों में), 24/7 सेवा उपलब्ध कराने वाले नये स्वास्थ्य केंद्र और मुफ्त पूर्ण शारीरिक जांच जैसे वादे भी शामिल हैं।
सूरत में कांग्रेस ने करों में राहत और जीवनयापन की लागत कम करने का वादा किया है। प्रमुख वादों में महिलाओं के लिए संपत्ति कर में 50 प्रतिशत की छूट, नये वाहनों पर सड़क कर की माफी और महिलाओं एवं छात्रों के लिए मुफ्त बस यात्रा शामिल हैं। पार्टी ने ‘साप्ताहिक बाजार’ के माध्यम से रोजगार के अवसर पैदा करने का भी प्रावधान किया है।
सूरत में किए गए स्वास्थ्य देखभाल संबंधी वादों में ‘वरिष्ठ नागरिक कार्ड’ का आवंटन, मुफ्त दवा वितरण, वार्षिक स्वास्थ्य जांच और प्रत्येक वार्ड में चौबीसों घंटे चलने वाले स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना शामिल है। शिक्षा के क्षेत्र में पार्टी ने सरकारी स्कूलों में स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति, स्मार्ट क्लास और बेहतर बुनियादी ढांचे की व्यवस्था करने का वादा किया है।
सूरत के लिए कांग्रेस के घोषणापत्र में दोपहिया वाहनों के लिए मुफ्त पार्किंग, पानी के मीटर के शुल्क से छूट और ‘इंदिरा कैंटीन’ के माध्यम से पांच रुपये में भोजन और 24 घंटे स्वच्छ जल आपूर्ति शामिल है। इसमें विक्रेता क्षेत्र, छोटे व्यापारियों के लिए लाइसेंस, रात्रि बाजार और एक पारदर्शी कर प्रणाली का वादा किया गया है।
भावनगर के लिए कांग्रेस ने सड़क किनारे छोटे व्यवसायों के लिए 120 स्थानों पर विक्रेता क्षेत्र बनाने और कच्ची (अविकसित) भूमि पर बने मकानों को कानूनी मान्यता देने का वादा किया है। पार्टी ने माफतनगर के निवासियों के लिए कानूनी अधिकारों का आश्वासन भी दिया है।
पोरबंदर और सुरेंद्रनगर के लिए जारी घोषणापत्र में भी कांग्रेस ने नागरिक सुविधाओं और सार्वजनिक सेवाओं में सुधार पर जोर दिया है।
भाषा पारुल प्रशांत
प्रशांत