गुजरात: सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

Ads

गुजरात: सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - November 18, 2020 / 11:46 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:43 PM IST

सुरेन्द्रनगर, 18 नवंबर (भाषा) गुजरात के सुरेन्द्रनगर जिले में बुधवार की सुबह राजकीय राजमार्ग पर कार के पेड़ से टकराने पर एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

लखतर थाने के एक अधिकारी ने कहा कि कार चला रहे परिवार के एक सदस्य का वाहन पर से नियंत्रण खो गया, जिसके चलते कार लखतर-वाधवन राजकीय राजमार्ग पर कोठारिया गांव के निकट एक पेड़ से टकरा गई।

अधिकारी ने कहा कि दंपत्ति, उनकी 17 वर्षीय बेटी और बुजुर्ग मां की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि 22 वर्षीय बेटे को चोटें आई हैं और उसे सुरेन्द्रनगर में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने कहा कि लखतर कस्बे के रहने वाला यह परिवार मंदिर दर्शन के लिये भागुड़ा गांव गया था और दुर्घटना के समय घर वापस लौट रहा था।

अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बचाव टीम को शव निकालने के लिये गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान ललिताबेन लखतरिया (65), नवीनभाई (45), वर्षाबेन (43) और जानूबेन (17) के रूप में हुई है।

भाषा जोहेब मनीषा

मनीषा