गुजरात : करीब 2,212 करोड़ रुपये मूल्य के जब्त मादक पदार्थ नष्ट किये गए

गुजरात : करीब 2,212 करोड़ रुपये मूल्य के जब्त मादक पदार्थ नष्ट किये गए

गुजरात : करीब 2,212 करोड़ रुपये मूल्य के जब्त मादक पदार्थ नष्ट किये गए
Modified Date: July 20, 2026 / 08:17 pm IST
Published Date: July 20, 2026 8:17 pm IST

भरूच, 20 जुलाई (भाषा) गुजरात के अलग-अलग हिस्सों से गत एक साल में जब्त किए गए लगभग 2,212 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों को सोमवार को भरूच जिले में एक विशेष भट्टी में जलाकर नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि नष्ट किये गए मादक पदार्थों में अलग-अलग तरल मादक पदार्थों की करीब 11.10 लाख बोतलें और 14,500 किलोग्राम ठोस मादक पदार्थ शामिल थे।

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पुलिस, अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी)और आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने इन मादक पदार्थों को जब्त किया था और कुल 877 मामले दर्ज किए थे।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी की मौजूदगी में, पर्यावरण नियमों के तहत दाहेज औद्योगिक क्षेत्र में बीईआईएल की भट्टी में इन मादक पदार्थों को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया गया।

संघवी ने कहा कि गुजरात पुलिस मादक पदार्थ गिरोहों और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ ‘जंग’ लड़ रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस मादक पदार्थ गिरोहों का भंडाफोड़ कर रही है और युवाओं को इस बुराई से दूर रखने के लिए सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर काम कर रही है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘गुजरात के हर कोने में पुलिस मादक पदार्थ गिरोहों और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। यह कोई अभियान नहीं, बल्कि एक जंग है।’’

संघवी ने बताया कि पिछले साल अक्टूबर में इसी भट्टी में 2,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थों को नष्ट किया गया था, जबकि हालिया कार्रवाई में 2,212 करोड़ रुपये कीमत की नशीली दवाओं को जलाया गया।

उन्होंने दावा किया कि इस साल भारत में मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में गुजरात पुलिस ने सबसे ज्यादा दोषसिद्धि की दर हासिल की है।

संघवी ने कहा, ‘‘हम मादक पदार्थ की बुराई को प्रसारित करने में संलिप्त 65 प्रतिशत से अधिक लोगों को सज़ा दिलाने में सफल रहे हैं। हम 100 प्रतिशत दोषसिद्धि दर हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।’’

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में