गुजरात : भावनगर में खेत के कुएं में गिरे तीन लोगों की मौत

Ads

गुजरात : भावनगर में खेत के कुएं में गिरे तीन लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 02:46 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 02:46 PM IST

भावनगर, 18 अगस्त (भाषा) गुजरात के भावनगर में रात के समय संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। उनके शव मंगलवार सुबह बरामद कर लिए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना उखरला गांव में हुई, जहां सोमवार देर रात कुछ लोग खेत में एकत्र हुए थे।

वर्तेज पुलिस थाने के उपनिरीक्षक डी. एन. जडेजा ने बताया कि सुबह पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को खेत में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। तलाश के दौरान कुएं से तीन शव बरामद हुए।

उन्होंने कहा, “पुलिस को खेत में एक शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तलाश अभियान चलाया। इस दौरान कुएं में तीन शव मिले। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भावनगर के सर टी. अस्पताल ले जाया गया है।”

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान राहुल चौहान (35), निलेश डाभी (37) और अजित सिंह (45) के रूप में हुई है।

मृतकों में से एक के रिश्तेदार ने दावा किया कि ये लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान किसी ने उन्हें पुलिस के वहां छापा मारने की सूचना दी, जिसके बाद भागने की कोशिश में तीनों लोग कुएं में गिर गए।

हालांकि, जडेजा ने पुलिस की छापेमारी के दावे से इनकार किया और कहा कि खेत में लोगों के एकत्र होने की वजह फिलहाल पता नहीं चल पाई है।

भाषा तान्या सुभाष

सुभाष