‘गुप्ता, जायसवाल’ ने उत्तर कोलकाता के बंगालियों को बचाए रखा: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की टिप्पणी पर विवाद

Ads

‘गुप्ता, जायसवाल’ ने उत्तर कोलकाता के बंगालियों को बचाए रखा: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की टिप्पणी पर विवाद

  •  
  • Publish Date - September 7, 2026 / 12:20 AM IST,
    Updated On - September 7, 2026 / 12:20 AM IST

कोलकाता, छह सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने रविवार को 1946 के कोलकाता सांप्रदायिक दंगों के दौरान गैर-बंगाली समुदायों की भूमिका का उल्लेख करते हुए लोगों से एकजुट रहने की अपील की, ताकि शहर में दुर्गा पूजा के अनुकूल माहौल बना रहे।

मध्य कोलकाता के बहूबाजार में ‘खूंटी पूजा’ समारोह में भट्टाचार्य ने कहा कि गुप्ता और जायसवाल समुदायों ने दंगों के दौरान बंगालियों का साथ दिया और उन्हें ‘‘खत्म होने से बचाया।’’

भट्टाचार्य के बयान की विपक्षी पार्टियों ने आलोचना की और कांग्रेस ने कहा कि भाजपा नेता की बातें राजनीति से प्रेरित थीं, वहीं तृणमूल ने उन पर बंगालियों का “अपमान” करने का आरोप लगाया।

भट्टाचार्य ने कहा, “उत्तरी कोलकाता में खड़े होकर एक बात तो जरूर कहनी होगी: अगर गुप्ता और जायसवाल परिवार यहां न होते और अगर उन्होंने तलवारें बनाने के लिए जरूरी लोहा मुहैया कराने में अपनी सारी दौलत न लगा दी होती, तो उत्तरी कोलकाता के वे भद्र और कुलीन बंगाली लोग आज मौजूद न होते जिन्हें हम देखते हैं।”

भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में बांग्लादेश से लगे बंगाल के कई इलाकों में दुर्गा पूजा ‘‘गंभीर संकट’’ में रही।

उन्होंने मुर्शिदाबाद के मूर्ति कलाकार पिता-पुत्र हरगोबिंद दास और चंदन दास की मौत का भी उल्लेख किया, जिन्हें कथित तौर पर काली, सरस्वती और लक्ष्मी की मूर्तियां बनाने की प्रतिभा के कारण मार डाला गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल शासन में सरकार दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का समय और कार्यक्रम तय करती थी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष लोग बिना बंद दरवाजों और यातायात प्रतिबंधों के पूजा पंडालों में जा सकेंगे।

तृणमूल के प्रवक्ता कुणाल घोष ने भट्टाचार्य पर बंगालियों का ‘‘अपमान’’ करने का आरोप लगाया और कहा कि बंगालियों की अपनी परंपरा, स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास और अलग पहचान है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कहा कि ऐसी टिप्पणियां कोलकाता की विरासत को नुकसान पहुंचाएंगी।

माकपा नेता सुजन चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि भट्टाचार्य की टिप्पणियां “इतिहास-विरोधी” हैं।

भट्टाचार्य ने कहा कि वर्षों से पूजा आयोजित कर रही समितियों को राजनीति के नाम पर हटाने की कोशिश का भाजपा समर्थन नहीं करेगी।

भाषा राखी प्रशांत

प्रशांत