गुरुग्राम, 15 जुलाई (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में जन्मदिन की एक पार्टी में शामिल होने के बाद अपने तीन दोस्तों के साथ शहर घूमने निकले एक व्यक्ति की मामूली कहासुनी के बाद कथित तौर पर पत्थर से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) नवीन शर्मा के अनुसार, मूल रूप से दूसरे राज्य से आकर यहां रहने वाले 39 वर्षीय बांदी उरांव 13-14 जुलाई की रात वजीराबाद में अपने एक दोस्त के बेटे के जन्मदिन की पार्टी में गए थे।
वह करीब एक महीना पहले ही काम की तलाश में इस शहर में आए थे। पार्टी खत्म होने के बाद उन्होंने अपने दोस्तों से शहर घुमाने को कहा, जिसके बाद वे सभी एक गाड़ी में बैठकर निकल गए।
सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि वजीराबाद ढाणी चौक के पास उनके बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसके बाद आरोपी बांदी उरांव को अरावली के जंगली इलाके में ले गए और पत्थरों से उन पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को पास की झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।
पुलिस अधिकारी शर्मा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब छह बजे एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डीएलएफ फरीदाबाद तिराहे के पास झाड़ियों से शव बरामद किया गया।
इस संबंध में सेक्टर 53 थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर 53 और सेक्टर 43 थानों की संयुक्त पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय राम (टैक्सी चालक), 35 वर्षीय विनय और 26 वर्षीय प्रकाश (दोनों ऑटो रिक्शा चालक) के रूप में की है। ये तीनों आरोपी मूल रूप से झारखंड के रहने वाले हैं और फिलहाल गुरुग्राम के वजीराबाद में रह रहे थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
भाषा सुमित वैभव
वैभव