शबाना आजमी और सोनी राजदान ने सोनम वांगचुक से भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की

Ads

शबाना आजमी और सोनी राजदान ने सोनम वांगचुक से भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 07:40 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 07:40 PM IST

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी और सोनी राजदान ने बुधवार को शिक्षा सुधारक एवं जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी अपने अनिश्चितकालीन अनशन को खत्म करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि देश को अन्याय के खिलाफ लड़ाई जारी रखने के लिए उनकी (वांगचुक की) जरूरत है।

वांगचुक, राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) में कथित अनियमितताओं को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन में शामिल होने के बाद से 28 जून से भूख हड़ताल पर हैं।

आजमी ने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट में वांगचुक का समर्थन करते हुए कहा कि देश को उनके जैसे और लोगों की जरूरत है।

उन्होंने वांगचुक की तस्वीर पोस्ट करते हुए कहा, “हमारे देश को आपके जैसे लोगों की जरूरत है। आपने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और सच के साथ मजबूती से खड़े रहे। हमें आप पर गर्व है। हम आपसे दिल से अनुरोध करते हैं कि अपनी भूख हड़ताल समाप्त करें, क्योंकि आपका मार्गदर्शन हमारे विद्यार्थियों को प्रेरित करता है और उनका हौसला बढ़ाता है। यह लंबी लड़ाई है और जरूरी है कि आप स्वस्थ रहें, ताकि इसका नेतृत्व करते रहें। हम आपके साथ हैं।”

सोनी राजदान ने भी वांगचुक से अपनी भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की और कहा कि वह उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रही हैं।

उन्होंने ‘इंस्टाग्राम’ पर कहा, “प्रिय सोनम वांगचुक, हम सभी आपके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। कृपया हमें इस तरह छोड़कर मत जाइए। कृपया स्वस्थ रहें, ताकि लड़ाई जारी रख सकें। कृपया यहीं रहिए। आज ही अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दीजिए। हमें आपकी जरूरत है। हमें छोड़कर मत जाइए।”

फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप ने भी ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट में वांगचुक को बहादुर बताया और कहा कि ‘जब व्यवस्था लोगों की जिंदगी के प्रति इतनी उदासीन हो जाए, तो यह बेहद चिंताजनक है’।

उन्होंने कहा, “एक समय था जब भूख हड़ताल का मतलब हुआ करता था। लोग यूं ही भूख हड़ताल पर नहीं बैठते। जब व्यवस्था लोगों की जिंदगी के प्रति इतनी उदासीन हो जाती है, तो यह सचमुच चिंताजनक है। केवल वही व्यक्ति ऐसा करने का साहस कर सकता है, जिसके भीतर दूसरों के प्रति संवेदना हो और जो सच तथा न्याय में विश्वास रखता हो।”

कश्यप ने लिखा, ‘‘सोनम वांगचुक जो कर रहे हैं, उसे करने का साहस मुझमें नहीं है, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों की चुप्पी इतनी गूंजती हुई है कि वह उनकी गलती और उनकी जानलेवा मंशा का सबूत लगती है। मैं सोनम वांगचुक जैसे इस बहादुर इंसान के साथ खड़ा हूं।’’

दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान ने मंगलवार को सरकार से वांगचुक के साथ बातचीत शुरू करने की अपील करते हुए कहा कि भारत को ‘अपने सबसे प्रतिभाशाली लोगों में से एक को इस तरह कुर्बान होते हुए नहीं देखना चाहिए’।

फिल्म जगत से जुड़े एक अन्य कलाकार और ‘3 इडियट्स’ के अभिनेता ओमी वैद्य ने लोगों से वांगचुक की लगातार बिगड़ती सेहत पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि इस कार्यकर्ता के साथ कोई अनहोनी हो जाए।

ओमी वैद्य ने फिल्म में चतुर ‘साइलेंसर’ रामलिंगम की भूमिका निभाई थी।

कॉजपा की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, वांगचुक की हालत अब भी ‘बहुत नाजुक’ बनी हुई है और वह 24 घंटे चिकित्सकीय निगरानी में हैं।

मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, वांगचुक का वजन घटकर 57.15 किलोग्राम रह गया है।

पिछले 24 घंटों में उनका वजन 400 ग्राम कम हुआ है। भूख हड़ताल शुरू होने के बाद से अबतक उनका कुल वजन 8.9 किलोग्राम घट चुका है।

उनका रक्तचाप 105/76 और रक्त शर्करा 80 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर है।

वहीं, शरीर में पानी की मात्रा (हाइड्रेशन) संतोषजनक बताई गई है।

चिकित्सकों ने कहा कि वांगचुक पूरी तरह होश में हैं और मानसिक रूप से सतर्क हैं, लेकिन उन्हें लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखने की जरूरत है।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश