गुरुग्राम, 17 जुलाई (भाषा) गुरुग्राम यातायात पुलिस ने शुक्रवार को मेदांता अस्पताल के निकट चलाए गए जांच अभियान के दौरान 3.44 लाख रुपये के 104 लंबित यातायात चालान वाली एक मोटरसाइकिल जब्त की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यातायात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विभाग यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि जिन वाहन मालिकों ने लंबे समय से अपने चालान का भुगतान नहीं किया है, उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारी के अनुसार, नियमित जांच अभियान के दौरान मेदांता क्षेत्र के प्रभारी एएसआई कृष्ण कुमार ने अपनी टीम के साथ एक मोटरसाइकिल सवार को रोका और उससे वाहन के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत 104 चालान लंबित थे, जिन पर कुल 3.44 लाख रुपये का जुर्माना बकाया था।
पुलिस के अनुसार, अधिकांश चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन चलाने, वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) प्रमाणपत्र के बिना वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित थे।
अधिकारियों ने बताया कि मोटरसाइकिल को कानून के प्रावधानों के अनुसार जब्त कर निर्धारित जब्ती पार्किंग स्थल पर भेज दिया गया।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश