गुरुग्राम: खुद को लड़की बता लोगों को ठगने के आरोप में तीन नाइजीरियाई गिरफ्तार

Ads

गुरुग्राम: खुद को लड़की बता लोगों को ठगने के आरोप में तीन नाइजीरियाई गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 08:51 PM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 08:51 PM IST

गुरुग्राम, 16 मई (भाषा) गुरुग्राम पुलिस ने सोशल मीडिया मंच पर महिला बनकर धोखाधड़ी करने सहित विभिन्न तरीकों से लोगों को ठगने के आरोप में तीन नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि उनके पास से 19 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और 18 भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, पिछले साल 25 अप्रैल को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर मिली एक लड़की ने उसे धोखा दिया है।

उन्होंने बताया, “लड़की ने उससे कहा कि वह भारत आ चुकी है और मुंबई हवाई अड्डे पर उसके चेक को भारतीय मुद्रा में बदलने के लिए उसे पंजीकरण शुल्क के तौर पर 69,900 रुपये की आवश्यकता है।”

शिकायतकर्ता को पैसे हस्तांतरित करने के बाद एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है।

जांच के दौरान, पुलिस दल ने बृहस्पतिवार देर रात नोएडा से आरोपियों को गिरफ्तार किया।

आरोपियों की पहचान चिनेडू, जेम्स संडे और जूल्स काकाऊ के रूप में हुई, ये सभी नाइजीरिया के निवासी हैं।

पुलिस ने बताया कि उन्हें अदालत में पेश किया गया और एक दिन की हिरासत में ले लिया गया।

पूछताछ के दौरान पता चला कि जेम्स संडे 2022 में बांग्लादेश के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। चिनेडू 2018 में अध्ययन वीजा पर और जूल्स 2017 में अध्ययन वीजा पर भारत में दाखिल हुआ था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी में पासपोर्ट अधिनियम और विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

अधिकारी ने बताया, “आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लड़कियों का रूप धारण करके भारत में रहने वाले लोगों से बात करते थे और उनका विश्वास जीतकर धोखाधड़ी करते थे।”

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत