गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति संजय कौशिक को जेसी बोस विश्वविद्यालय का अतिरिक्त प्रभार

Ads

गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति संजय कौशिक को जेसी बोस विश्वविद्यालय का अतिरिक्त प्रभार

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 08:59 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 08:59 PM IST

गुरुग्राम, 19 सितंबर (भाषा) हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजय कौशिक को जेसी बोस विश्वविद्यालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

प्रोफेसर कौशिक, जेसी बोस विश्वविद्यालय के प्रमुख के रूप में राजीव कुमार का स्थान लेंगे।

राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कौशिक ने कहा कि वह इस प्रतिष्ठित संस्थान की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर सम्मानित महसूस कर रहे हैं।

अकादमिक और प्रशासनिक क्षेत्र में 36 वर्ष का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ शिक्षाविद कौशिक इससे पहले सात साल तक भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर) के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रीय केंद्र के निदेशक के रूप में कार्य कर चुके हैं।

वह पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में ‘पी. एल. टंडन चेयर प्रोफेसर ऑफ स्ट्रेटेजिक मैनेजमेंट’ और कॉलेज विकास परिषद के डीन भी रहे हैं। इसके अलावा वह कई विश्वविद्यालयों की अकादमिक और कार्यकारी परिषदों के सदस्य भी रह चुके हैं।

प्रोफेसर कौशिक 35 पीएचडी शोधार्थियों का मार्गदर्शन कर चुके हैं और उन्हें ‘भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षा सम्मान पुरस्कार’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।

भाषा सुमित नेत्रपाल

नेत्रपाल