नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में अगले सप्ताह ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नयी दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) अपने अटल आदर्श और नवयुग स्कूल के करीब 5,000 छात्रों के साथ तिरंगा यात्रा निकालने की योजना बना रही है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि परिषद ने इस वर्ष के कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं और 30,000 से अधिक राष्ट्रीय ध्वज और तिरंगा-विषय वाले स्टिकर खरीदने के लिए निविदा जारी की है।
अधिकारियों के अनुसार, हर साल आयोजित होने वाली यह यात्रा जनपथ रेडियल सर्किल से शुरू होकर कनॉट प्लेस के इनर सर्किल से गुजरती है। अधिकारियों ने बताया कि इसमें हजारों छात्र हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति प्रदर्शित करते हैं।
निविदा के अनुसार, एनडीएमसी समारोह और उससे जुड़े जन-जागरुकता कार्यक्रमों के लिए लगभग 30,450 राष्ट्रीय ध्वज, 30,000 बांस की डंडियां और 9,000 तिरंगा-विषय वाले स्टिकर खरीदने की योजना बना रही है। इसके अनुसार लगभग 29.62 लाख रुपये लागत वाले इस कार्य को 15 दिनों के भीतर पूरा किया जाना है।
उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा में कई मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
भाषा अमित शोभना
शोभना