नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) एक संसदीय समिति ने मंगलवार को भारत-श्रीलंका संबंधों पर अपनी चर्चा पूरी कर ली और कहा कि जल्द ही इस संबंध में एक रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
विदेश मामलों की स्थायी संसदीय समिति के अध्यक्ष शशि थरूर ने कहा कि श्रीलंका और बांग्लादेश के साथ भारत के संबंध ‘‘पड़ोसी देशों के साथ हमारी विदेश नीति के सबसे अहम मुद्दों’’ में शामिल हैं।
थरूर ने बताया कि समिति को विदेश सचिव और श्रीलंका मामलों के विशेषज्ञों ने जानकारी दी थी।
समिति की एक घंटे की बैठक के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारा मानना है कि हमने इसपर व्यापक चर्चा की है और यह अंतिम चर्चा थी।’’
थरूर ने कहा कि समिति इस विषय के महत्व को अच्छी तरह समझती है और समिति का मानना है कि श्रीलंका और बांग्लादेश के साथ संबंध ‘‘हमारी पड़ोसी देशों के साथ विदेश नीति के सबसे अहम मुद्दों’ में शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम श्रीलंका के साथ संबंधों से जुड़े सभी मुद्दों और चिंताओं को बहुत गंभीरता से ले रहे हैं।’’
हालांकि, कांग्रेस सांसद थरूर ने कहा कि पाकिस्तान को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई, क्योंकि समिति ने हाल ही में उसके संबंध में रिपोर्ट दी है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह आगामी सत्रों में आएगा। मेरा मतलब है कि आप हर बार एक ही बारे में चर्चा नहीं कर सकते। पाकिस्तान से जुड़ी किसी भी महत्वपूर्ण घटना पर विदेश सचिव हमें ब्रीफिंग सत्रों में जानकारी देते रहेंगे।’’
थरूर ने कहा, ‘‘इसी तरह चीन के मामले में, हमें चीन के बारे में कोई नयी रिपोर्ट नहीं मिली है, क्योंकि हमारी मौजूदा रिपोर्ट मान्य है। कई मुद्दे हैं, लेकिन जब तक रिपोर्ट को अंतिम रूप नहीं दिया जाता, तब तक हमें समिति की किसी भी बैठक की मुख्य बातें बताने की इजाज़त नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि समिति की रिपोर्ट जल्द से जल्द पेश की जाएगी।
भाषा अविनाश सुरेश
सुरेश