हरभजन ने ‘नशे में धुत’ व्यक्तियों का वीडियो साझा किया, ‘आप’ ने इसे राजस्थान का बताया

हरभजन ने ‘नशे में धुत’ व्यक्तियों का वीडियो साझा किया, ‘आप’ ने इसे राजस्थान का बताया

हरभजन ने ‘नशे में धुत’ व्यक्तियों का वीडियो साझा किया, ‘आप’ ने इसे राजस्थान का बताया
Modified Date: August 11, 2026 / 03:30 pm IST
Published Date: August 11, 2026 3:30 pm IST

चंडीगढ़, 11 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद हरभजन सिंह ने कथित तौर पर नशे में धुत दो व्यक्तियों का वीडियो साझा किया और लिखा कि पंजाब के युवा बेहतर के हकदार हैं। हालांकि, आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और राज्य पुलिस ने दावा किया कि यह वीडियो राजस्थान का है और हरभजन भाजपा का झूठ फैला रहे हैं।

कथित वीडियो में दो लोगों को सड़क पर अजीबोगरीब मुद्रा में खड़े देखा जा सकता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर साझा किया जा रहा है। इस पर कई उपयोगकर्ताओं ने टिप्पणी की है कि दोनों व्यक्ति ‘जॉम्बी ड्रग” के प्रभाव में नजर आ रहे हैं।

पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सदस्य हरभजन ने सोमवार रात ‘एक्स’ पर उक्त वीडियो साझा करते हुए लिखा, “पंजाब के हालात देखकर बहुत दुख होता है।”

उन्होंने कहा, “पंजाब और उसके युवा बेहतर के हकदार हैं। इस मुद्दे पर ईमानदारी, जवाबदेही और तुरंत कार्रवाई की जरूरत है-न कि इसे नकारने की।”

हरभजन इस साल अप्रैल में ‘आप’ छोड़ भाजपा में शामिल हो गए थे।

उन्होंने कहा, “सरकारों ने पंजाब और पंजाबी युवाओं के साथ क्या किया है? उन्होंने पंजाब को किस हाल में पहुंचा दिया है? जो पंजाब कभी अपने जोश, हिम्मत और बहादुरी के लिए जाना जाता था, आज उसी पंजाब के युवा नशे की चपेट में आ गए हैं। अभी भी समय है-मेरे पंजाब को बचाओ।”

‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब सरकार के कई मंत्रियों ने उक्त वीडियो साझा करने के लिए हरभजन पर निशाना साधा।

केजरीवाल ने कहा, “कल भाजपा के कई लोगों ने मिलकर यह झूठ फैलाया। क्या यह आदेश पीएमओ (प्रधानमंत्री कार्यालय) से आया था? क्या पीएमओ देश में झूठ फैलाता है?”

पंजाब की कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर ने हरभजन की आलोचना करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने की उनकी (हरभजन) बेताबी देखिए। वह राजस्थान का वीडियो साझा कर रहे हैं और झूठ बोल रहे हैं कि यह पंजाब का है।”

कौर ने लिखा, “आप ‘भाजपा की दलाली’ के लिए कुछ भी करेंगे, भले ही इससे पंजाब की छवि खराब हो जाए। पंजाब के लोग आपको इसके लिए कभी माफ नहीं करेंगे।”

एक अन्य कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ने आरोप लगाया कि “पंजाब को बदनाम करने के लिए झूठ गढ़ना और हरभजन जैसे बिकाऊ लोगों का इस्तेमाल करना भाजपा का पुराना तरीका है।”

सिंह ने कहा, “यह वीडियो राजस्थान का है, लेकिन वह (हरभजन) उस राज्य की छवि खराब करने के लिए झूठ बोल रहे हैं, जिसने उन्हें उनका पूरा करियर दिया। पंजाबी इस गंदे दुष्प्रचार की असलियत समझते हैं।”

पंजाब पुलिस ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में हरभजन को टैग करते हुए लिखा कि संबंधित वीडियो राजस्थान का है।

पुलिस ने कहा, “जो वीडियो साझा किया जा रहा है, वह राजस्थान के श्रीगंगानगर का है, पंजाब का नहीं। हम उपयोगकर्ताओं से अपील करते हैं कि वे गुमराह करने वाली जानकारी पोस्ट करने या पंजाब पुलिस को टैग करने से पहले तथ्यों और जगह की पुष्टि कर लें। जिम्मेदारी से साझा करना जरूरी है।”

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पूर्व क्रिकेटर पर “भाजपा के झूठ को फैलाने” का आरोप लगाते हुए कि जब हरभजन ‘आप’ में थे, तब उन्होंने संसद में पंजाब के युवाओं से जुड़ा कोई मुद्दा नहीं उठाया और हमेशा “चुप” रहे।

चीमा ने चंडीगढ़ में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “आज वह पंजाब के युवाओं को बदनाम करने के लिए भाजपा के फर्जी वीडियो प्रसारित कर रहे हैं।”

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में