सोनीपत, तीन मार्च (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को राज्य की गौशालाओं में चारे के लिए 68.34 करोड़ रुपये की अनुदान राशि जारी की।
सोनीपत के भाटगांव गांव में आयोजित राज्य स्तरीय चारा अनुदान वितरण कार्यक्रम के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा कि गाय संस्कृति और आस्था का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि ‘गौ सेवा’ केवल एक धार्मिक प्रयास नहीं है, बल्कि सामाजिक सद्भाव, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य गौशालाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पहल के तहत सोनीपत जिले की 27 पंजीकृत गौशालाओं के लिए 5.60 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। वर्तमान में राज्य भर में 602 पंजीकृत गौशालाएं यह अनुदान प्राप्त कर रही हैं, जिससे वहां गायों के लिए पर्याप्त चारा मिलना सुनिश्चित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में राज्य सरकार ने पंजीकृत गौशालाओं को 457.41 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष