फरीदाबाद, 31 मई (भाषा) हरियाणा के पलवल जिले में पुलिस के साथ हुई एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह के चार कथित सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान एक कांस्टेबल और एक आरोपी को गोली लगी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से एक राइफल, दो पिस्तौल और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार ऐसी जानकारी मिली थी कि वे जिले में हत्या, लूट या डकैती जैसी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की कथित तौर पर योजना बना रहे थे।
उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) साहिल ढिल्लों ने बताया कि हथीन के वाहन चोरी रोधी दल को शुक्रवार शाम सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के इटावा से चार-पांच हथियारबंद बदमाश एक कार में पलवल की ओर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि ऐसी सूचना थी कि वे अपने साथियों से मिलकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने वाले थे।
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित की गई और उसे कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे के पास तैनान किया गया। उन्होंने बताया कि जब संदिग्ध कार वहां पहुंची तो पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसमें सवार लोग कथित तौर पर होडल की ओर भागने लगे।
डीएसपी ने बताया कि पीछा करने के दौरान वाहन मुंडकटी चौक के पास रुका। उन्होंने कहा कि जैसे ही एक कांस्टेबल कार के पास पहुंचा, उसमें बैठे एक आरोपी ने कथित तौर पर गोली चला दी, जो कांस्टेबल के बाएं पैर में लगी।
ढिल्लों ने कहा, ‘‘अपराधियों ने पुलिस का अवरोधक तोड़ दिया और तेजी से मारोली रोड की ओर भाग निकले, जिसके बाद फिर पीछा शुरू हुआ। आखिरकार उनकी कार का टायर फटने के बाद वाहन रुक गया। आरोपियों ने पीछा कर रही टीम पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिससे पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। उन्होंने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर एक आरोपी फरार हो गया, जबकि घायल आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकरम, कृष्ण, आलोक परिहार उर्फ राहुल ठाकुर और माधव गुप्ता के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सभी उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के निवासी हैं।
उन्होंने बताया कि घायल आरोपी माधव गुप्ता और घायल कांस्टेबल देवेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीएसपी ने बताया, ‘‘आरोपियों के खिलाफ मुंडकटी थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार आरोपी की पहचान विपुल द्विवेदी के रूप में हुई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।’’
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि माधव गुप्ता के खिलाफ उत्तर प्रदेश और हरियाणा में गैंगस्टर एक्ट समेत 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं, वहीं आलोक परिहार के खिलाफ चार और अकरम के खिलाफ इटावा में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
भाषा गोला अमित
अमित