रांची, 31 मई (भाषा) झारखंड में एक गिरोह के सरगना समेत तीन सदस्यों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। गिरोह के सरगना पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
‘झांगुर’ गिरोह के सरगना रामदेव उरांव (47) के खिलाफ 29 आपराधिक मामले दर्ज थे। उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ शनिवार रात आत्मसमर्पण किया।
रांची (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव गोस्वामी ने बताया, ‘‘पांच लाख रुपये का इनामी और ‘झांगुर’ गिरोह के सरगना रामदेव उरांव सहित गिरोह के तीन सदस्यों ने हथियार डाल दिए हैं। उसके दो अन्य साथियों की पहचान प्रसाद उरांव (24) और सुबास उरांव (23) के रूप में हुई है। ये तीनों गुमला जिले के निवासी हैं।’’
अधिकारी ने बताया कि इन अपराधियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक एसएलआर राइफल समेत दो स्वचालित हथियार बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा 45 कारतूस और दो मैगजीन भी जब्त की गई हैं।
भाषा गोला अमित
अमित