गुरुग्राम, आठ जून (भाषा) हरियाणा के नूंह जिले में एक दूल्हे को अपनी बारात में वाहन पर खतरनाक करतब दिखाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना रविवार को हरियाणा के नूंह जिले में हुई। उन्होंने बताया कि एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) चला रहे तीन अन्य बारातियों को भी लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब नगीना थाने में तैनात उप-निरीक्षक यशपाल रविवार को मंडीखेड़ा गांव में गश्त कर रहे थे तभी उन्हें अपने मोबाइल फोन पर घटना का एक वीडियो क्लिप प्राप्त हुआ।
वीडियो में कुछ युवक चलते वाहनों की छतों पर खड़े और बैठे हुए दिखाई दे रहे थे। वाहनों को चारों आरोपी तेज गति और लापरवाही से चला रहे थे।
पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया कि आकिब की बारात नाइ नांगला गांव से चंदेनी गांव की ओर जा रही ती।
पुलिस ने बताया कि उसकी टीम जब नाइ नांगला गांव पहुंची, तो उसे जानकारी मिली कि बारात पहले ही चंदेनी गांव के लिए रवाना हो चुकी है।
अधिकारियों ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचित किया कि दूल्हे ने इन लोगों को वाहनों की छतों पर बैठकर बारात जाने के लिए कहा था।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई और आकिब तथा तीन अन्य चालकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
नूंह पुलिस प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जिले में इस तरह की यह लगातार दूसरी घटना है। हमने न केवल मामला दर्ज किया है बल्कि दूल्हे को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रहे हैं। नूंह पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शादियों या अन्य आयोजनों के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी, खतरनाक स्टंट और गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।’’
भाषा
शुभम धीरज
धीरज