हरियाणा : 285 करोड़ रुपये के हेरोइन तस्करी गिरोह का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा : 285 करोड़ रुपये के हेरोइन तस्करी गिरोह का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा : 285 करोड़ रुपये के हेरोइन तस्करी गिरोह का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: June 1, 2026 / 11:23 pm IST
Published Date: June 1, 2026 11:23 pm IST

गुरुग्राम, एक जून (भाषा) हरियाणा में गुरुग्राम के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने 285 करोड़ रुपये मूल्य के हेरोइन तस्करी गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक यह गिरोह नवंबर 2025 से मई 2026 के बीच सक्रिय रहा।

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान गुरप्रीत के रूप में हुई है, जिसे शनिवार को रोहतक से गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे भिवानी की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

एसटीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुरप्रीत से गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

एसटीएफ के अनुसार उपनिरीक्षक विवेक कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने 21 मई को भिवानी क्षेत्र से 8.940 किलोग्राम हेरोइन बरामद की थी और रोहित नामक एक तस्कर को गिरफ्तार किया था। बरामद की गयी हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 35 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पूछताछ के दौरान रोहित ने कथित तौर पर खुलासा किया कि उसका बड़ा भाई गुरप्रीत अपने सहयोगी राजेंद्र के साथ मिलकर मादक पदार्थों की तस्करी का गिरोह संचालित करता है। राजेंद्र पंजाब के लुधियाना जिले के कुल गेहना गांव का निवासी है।

अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपी 21 नवंबर 2025 को पंजाब के एसएएस नगर में सामने आए 50 किलोग्राम हेरोइन तस्करी मामले में भी नामजद थे। उस मामले में पुलिस ने लगभग 250 करोड़ रुपये मूल्य की बड़ी खेप भी जब्त की थी।

मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए एसटीएफ की टीम हरियाणा और पंजाब में लगातार छापेमारी कर रही थी।

गुरुग्राम एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रीतपाल सिंह सांगवान ने कहा, ‘‘एक मुखबिर से गुरप्रीत के रोहतक में होने की सूचना मिली, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वह पिछले आठ महीने से फरार था। गुरप्रीत से पूछताछ और अन्य खुफिया सूचनाओं के आधार पर हरियाणा और पंजाब में हेरोइन तस्करी से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी भी जल्द होने की संभावना है।’’

भाषा रवि कांत रवि कांत वैभव

वैभव


लेखक के बारे में